मुजफ्फरपुर में बेटे के साथ आग लगाकर महिला ने की खुदकशी, जानिए क्या थी वजह... Muzaffarpur News
घर बंद कर लगाई आग एक अन्य पुत्र जख्मी शादी के बाद से ही चल रहा था पारिवारिक विवाद। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बरियारपुर ओपी क्षेत्र की कटेशर पंचायत के रमनगरा गांव में शनिवार की सुबह 10 बजे घर बंद करके दो बेटों के साथ महिला ने शरीर में आग लगा ली। महिला की तत्काल मौत हो गई, जबकि उसके दोनों बेटे गंभीर रूप से झुलस गए। एक वर्ष के पुत्र ने इलाज के लिए मुजफ्फरपुर ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। जबकि तीन वर्षीय दूसरा पुत्र मो. शमी का इलाज सकरा रेफरल अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों की पहचान बरियारपुर ओपी क्षेत्र के रमनगरा निवासी मो. परवेज की 25 वर्षीय पत्नी रौशन खातून उर्फ अंगूरी और एक वर्षीय पुत्र मो. जसीम के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया। इधर, मृतका के चार वर्षीय पुत्र मो. शमी का कहना था कि उसकी मां ने घर बंद कर खुद से आग लगा ली है। फिलहाल वह लड़का अपने नानी के साथ ननिहाल चला गया।
दिल्ली में मजदूरी करता मृतका का पति
मृतका के पति मो. परवेज दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। वहीं उनका बड़ा भाई मो. अफरोज कोलकाता में रहते हैं। बताया गया कि घर पर मृतका की सास, ससुर, गोतनी एवं मृतका के दोनों बच्चे साथ रहते थे।
गांव में पसरा मातम
फिलहाल घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है। इस मामले में कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। बताया गया कि मो. परवेज की शादी आठ वर्ष पूर्व वैशाली जिले के पातेपुर थाना अंतर्गत डमरुआ गांव में हुई थी। शादी के बाद से ही घर में विवाद शुरू हो गया था। कई बार मृतका के मायके और स्थानीय स्तर पर पंचायत करके दोनों पक्षों के बीच सुलह करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनी। आखिरकार महिला ने बच्चों के साथ घर बंद कर शरीर में आग लगा ली।
बरियारपुर ओपी प्रभारी राम विनय साह ने बताया है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं मामला दर्ज करने के लिए किसी पक्ष से अभीतक आवेदन नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि मृतका के मायके पक्ष के भी लोग यहां पहुंच चुके हैं। पंचायत के मुखिया एवं अन्य गणमान्य लोग मामले को अपने स्तर से मैनेज करने की कोशिश कर रहे हैं।