पति ने की पत्नी की धारदार हथियार से हत्या, शव को बोरे में बंदकर झील में फेंका
चार साल पति-पत्नी के बीच बेहतर नहीं थे संबंध। हत्या के आरोपित पति की खोज में जुटी पुलिस। पूरे विवाद व घटनाक्रम की जांच चल रही है।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। पूर्वी चंपारण में पति ने पत्नी की धारधार हथियार से काट कर शव को बोरे में बंदकर झील में फेंक दिया। घटना मोतिहारी शहर के बेलवनवा मोहल्ले की है जहां दरिंदे पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को बोरे में बंदकर घर से सटे मोतीझील में फेंक दिया था। मृतका रमावती देवी है। वह शंभू सहनी की पत्नी थी। सोमवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने के साथ मौके पर नगर थाना की पुलिस वहां पहुंची और इस बावत आवश्यक जानकारी ली। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। घटना की जानकारी मिलने के बाद मोहल्ले में लोगों की भीड़ लग गई।
बताया गया है कि बेलबनवा निवासी शंभू सहनी व उनकी पत्नी रमावती देवी के बीच पिछले चार साल से विवाद चल रहा था। दोनों अलग-अलग रहते थे। दोनों की रसोई भी अलग चल रही थी। इस बीच रविवार की रात मौका पाकर पति ने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को झील में फेंक दिया। घटना के बाद से आरोपित पति फरार हाे गया। नगर थाना के इंस्पेक्टर अभय कुमार ने बताया कि घटना में पति की संलिप्तता सामने आई है। पूरे विवाद व घटनाक्रम की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।