जानें, बालिका गृह मामले में मधु और मास्टर रामाशंकर के खिलाफ किस कार्रवाई की चल रही तैयारी Muzaffarpur News
दोनों के अलावा कई और हैं प्रवर्तन निदेशालय के रडार पर। दोनों के बैंक खाते व वित्तीय लेनदेन का जुटाया गया ब्योरा। ब्रजेश के बाद जल्द हो सकती अगली कार्रवाई।
मुजफ्फरपुर,जेएनएन। बालिका गृह यौन हिंसा मामले के मुख्य आरोपित ब्रजेश ठाकुर की संपत्ति जब्त किए जाने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)के निशाने पर उसके कई सहयोगी है। इसमें साइस्ता परवीन उर्फ मधु व रामाशंकर सिंह उर्फ मास्टर मुख्य है। ईडी वामा शक्ति की प्रमुख मधु व सेवा संकल्प व विकास समिति के सदस्यों की चल-अचल संपत्ति का आकलन कर रही है। उसे आशंका है कि ब्रजेश की आड़ में इन लोगों ने बड़ी संपत्ति अर्जित की या ब्रजेश ने इन सभी के नाम से फर्जी तरीके से अपनी संपत्ति जमा कर रखा हो। संभावना जताई जा रही कि ईडी दशहरा बाद मधु, रामाशंकर व अन्य की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है। इसके बैंक खातों को खंगालने के अलावा आयकर विभाग से भी वित्तीय लेन -देन का ब्योरा जुटाया है। हालांकि ईडी की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ब्रजेश के बेहद करीब थे मास्टर व मधु
रामाशंकर सिंह उर्फ मास्टर ब्रजेश के काफीकरीबी थे। सेवा संकल्प से लेकर अन्य संस्थानों के वित्तीय विभाग को देखता था। संस्थाओं के आय-व्यय से लेकर कर्मचारियों के वेतन भुगतान व बालिका गृह के खर्चों का लेखाजोखा भी उसी के पास रहता था। मास्टर व मधु बालिका गृह मामले में उन 20 आरोपितों में शामिल है, जिसके खिलाफ सीबीआइ आरोप पत्र दाखिल की थी। सभी आरोपितों के खिलाफ दिल्ली के साकेत स्थित विशेष पॉक्सो कोर्ट में सत्र-विचारण चल रहा है।