पश्चिम चंपारण पंचायत, मुखिया चुनाव 2021: तीन बूथों पर ईवीएम खराब होने से समय से शुरू नहीं हो सका मतदान
पश्चिम चंपारण के दो प्रखंडों की 36 पंचायतों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान चल रहा है। गौनाहा के नक्सल प्रभावित 255 बूथों पर तीन बजे तक होगा मतदान। योगापट्टी के तीन बूथों पर ईवीएम खराब होने समय से शुरू नहीं हो सका मतदान।
बेतिया (पश्चिम चंपारण), जासं। पंचायत चुनाव के आठवें चरण में जिले के दो प्रखंडों की 36 पंचायतों में बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान प्रारंभ कराया गया। योगापट्टी प्रखंड के बूथ न. 122, 46 व 72 पर ईबीएम में आई तकनीकी खराबी के कारण समय से मतदान आरंभ नहीं कराया जा सका। गौनाहा प्रखंड नक्सल प्रभावित है। इसलिए यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। गौनाहा के तीन बूथों पर ईवीएम खराब हो गई, इस कारण समय से मतदान शुरू नहीं हो सका। यहां बता दें कि जिले के गौनाहा एवं योगापट्टी प्रखंड क्षेत्र की 36 पंचायतों के 544 मतदान केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया चल रही है। यहां दो लाख 78 हजार से अधिक मतदाता हैं। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व भयमुक्त मतदान कराने को लेकर काफी संख्या में कर्मियों व सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। योगापट्टी में मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने लिए डीडीसी अनिल कुमार पहुंचे है। उन्होंने बताया कि सभी बूथों पर शांति पूर्ण मतदान चल रहा है।