West Champaran News: पानी के अभाव में वीटीआर में नौका विहार बंद, पर्यटकों में निराशा
West Champaran News गंडक नदी का जलस्तर नीचे होने व जलाशय में पानी नहीं होने से आ रही बाधा बराज में गाद उड़ाही और फाटकों की मरम्मत का चल रहा काम यहां आने वाले पर्यटकों को लग रही निराशा हाथ।
वाल्मीकिनगर (पचं), जासं। गंडक बराज के जलाशय में पानी की कमी के कारण इस वर्ष नौका विहार शुरू नहीं हो सका है। इससे वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) आने वाले पर्यटकों को निराशा हाथ लग रही है। बरसात बाद नदी का जलस्तर नीचे चला गया है। इस कारण जलाशय में पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। पर्यटन सीजन में यहां प्रतिदिन दो दर्जन से अधिक सैलानी नौका विहार के लिए पहुंचते हैं। इसे काफी चहल-पहल रहती थी, लेकिन इस बार सन्नाटा पसरा है। टूर पैकेज में नौका विहार को शामिल करने के बाद भी उसका लाभ नहीं मिल रहा है। नियंत्रण कक्ष के अनुसार, बराज में गाद उड़ाही का काम चल रहा है। साथ ही फाटकों की मरम्मत भी कराई जा रही है। यह काम 15 दिसंबर तक काम चलेगा, इसके बाद नौका विहार के लिए जलाशय में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
रूटीन वर्क के बाद जलाशय में उपलब्ध होगा पानी
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटकर बहने वाली गंडक नदी के जलाशय में अमूमन वर्षभर पानी रहता है। इस कारण पर्यटन को केंद्र में रखकर नौका विहार प्रोजेक्ट पर काम किया गया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2017 में इसका उद्घाटन किया था। दो साल तक इसका संचालन ठीक रहा। इसके बाद कोरोना काल में बंद कर दिया गया था। वाल्मीकिनगर रेंजर महेश प्रसाद ने बताया कि इस साल 15 अक्टूबर से पर्यटन सीजन शुरू किया गया है। जलाशय में इतना पानी नहीं है कि नौका विहार हो सके। दूसरी ओर बराज में मेंटेनेंस का भी काम चल रहा है। हर साल बरसात के बाद यह रूटीन वर्क होता है। उम्मीद है कि अगले महीने के पहले पखवारे में सारा काम निपट जाएगा। इसके बाद कोई बाधा नहीं आएगी। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों को निराशा हाथ लग रही है। यहां आने वाले हर एक प्रयर्टकों की पसंदीदा होती होती है नौकायन।