Muzaffarpur Weather Forecast: 21 मार्च तक साफ एवं शुष्क रहेगा मौसम, हल्के बादल छाए रहने की संभावना
Muzaffarpur Weather Forecast डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विज्ञानी डा. ए सत्तार ने मंंगलवार को जारी मौसम पूर्वानुमान में कहा कि उत्तर बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में आसमान में हल्के बादल आ सकते हैं। लेकिन वर्षा की कोई संभावना नहीं है।
समस्तीपुर, जागरण संवाददाता। बुधवार को समस्तीपुर में आसमान में हल्के बादल छाए रहे। हालांकि बारिश नहीं हुई। मौसम सुहावना रहा। वैसे भी मौसम विभाग ने उत्तर बिहार में अगले कुछ दिनों तक आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना जतायी थी। डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विज्ञानी डा. ए सत्तार ने मंंगलवार को जारी मौसम पूर्वानुमान में कहा कि उत्तर बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में आसमान में हल्के बादल आ सकते हैं। लेकिन वर्षा की कोई संभावना नहीं है। मौसम भी शुष्क एवं साफ रहेंगे। अगले 21 मार्च तक 9 से 12 किलोमीटर की रफ्तार से पछिया हवा चलेगी।
वहीं अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 18 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार का अधिकतम तापमान 32.4 एवं न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उत्तर बिहार में मौसम के शुष्क रहने की संभावना को देखते हुए मौसम विज्ञानी डा. ए सत्तार ने किसानों को खरीफ फसलों में आवश्यकतानुसार सिंचाई करने की सलाह दी है। सरसों की कटनी दौनी एवं सुखाने के कार्य को उच्च प्राथमिकता देकर संपन्न कराने को कहा है। कहा कि आलू की अविलंब खुदाई कर भंडारण भी तत्क्षण कर लें।
7 से 09 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया हवा चलने की संभावना
पिपराकोठी कृषि अनुसंधान केंद्र की कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. नेहा पारीक ने बताया है कि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिन में आसमान साफ रहेगा। इसके बाद मध्यम बादल छाए रहेंगे। हालांकि, मौसम शुष्क रहेगा। इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 से 34 तथा न्यूनतम तापमान 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 55 से 65% तथा दोपहर में 30 से 40% रहने की संभावना है। अगले दो दिन में औसतन 7 से 09 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया हवा चलने की संभावना है। इसके बाद एक दिन पूरवा पुनः पछिया हवा चलने संभावना है। बसंत ईंख रोपने के लिए यह उपयुक्त समय है। खेत में नमी की कमी होने पर रोप से पहले इसकी सिंचाई करना जरूरी है। इस दौरान गरमा सब्जी की भी बुआई अवश्य करें। इसके लिए यह अनुकूल मौसम है।