क्या आज बारिश से मिलेगी मुक्ति? जानें, मुजफ्फरपुर का मौसम पूर्वानुमान
Weather Forecast Muzaffarpur आज जिला समेत पूरे उत्तर बिहार के आसमान में बादल छाए रहेंगे लेकिन कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। ठंड से भी राहत के संकेत मिल रहे हैं। न्यूनतम तापमान दो अंकों में यानी 10 डिग्री के ऊपर रहने की संभावना है।
मुजफ्फरपुर, आनलाइन डेस्क। पिछले तीन-चार दिनों से आसमान में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के कारण लोगों के मन में यह सवाल है कि क्या आज भी बारिश होगी? मौसम विभाग ने इसका जवाब दे दिया है। आज आसमान में बादल छाए रहेंगे, कभी-कभी धूप भी निकलेगी। मौसम प्राय: शुष्क ही रहेगा। तात्पर्य यह कि बारिश नहीं होगी। दूसरी अच्छी खबर ठंड को लेकर है। आज के लिए मिल रहे संकेत के अनुसार न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। इससे कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है। इस तरह से देखा जाए तो जिला और पूरे उत्तर बिहार के लोगों के लिए दो माेर्चों पर खुशखबरी है। सुबह में करीब 68 प्रतिशत आसमान बादलों से ढंकेे रहने की उम्मीद है। दिन चढ़ने के साथ ही साथ आसमान साफ होता जाएगा।
नौ किमी की रफ्तार से पुरबा हवा ही चलने की संभावना
विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि आज दिन के समय अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर का आंकड़ा छू सकता है। आज नौ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पुरबा हवा ही चलने की संभावना है। इसकी वजह से गलन वाली ठंड नहीं पड़ेगी। शाम और रात के समय आसमान साफ हो जाने की उम्मीद है। पिछले साल इसी अवधि में अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्यिस रहा था। विभाग ने किसानों के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम साफ होने की स्थिति में फसलों पर कीटनाशक का छिड़काव कर सकते हैं। इसके साथ ही सिंचाई करने से पहले खेत में नमी की मात्रा की जांच करने की सलाह दी है। कहना है कि अभी कई जगहों पर बूंदाबांदी हुई है। एेसी स्थिति में नमी की जांच के बाद ही सिंचाई का फैसला करना उचित होगा। हवा की गति अभी सामान्य ही रहने की उम्मीद है।