पारू के धरफरी मल्लाह टोला व गोकुला गाव में घुसा बाढ़ का पानी
बाढ़ ने पारू प्रखंड के 50 हजार घरों को अपनी आगोश में ले लिया है।
मुजफ्फरपुर : बाढ़ ने पारू प्रखंड के 50 हजार घरों को अपनी आगोश में ले लिया है। धरफरी मल्लाह टोला व गोकुला गांव में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। उधर, पूर्व मंत्री सह विधायक रामविचार राय का आवास व दालान पानी से पूरी तरह घिर गया है। आवास तक पहुंचने के सारे रास्ते बंद हो चुके हैं। धरफरी के शिकारगंज निवासी शिवजी राय के घर समेत लाखों की सामान पानी में डूब गया है। धरफरी मल्लाह टोली के साढे़ तीन सौ घरों में पानी भरने से सैकड़ों लोग पलायन कर रहे हैं। उधर, उस्ती पंचायत के किसी गाव में जाने के सभी रास्ते बंद हो गए हैं। मुखिया मंजू देवी और पूर्व सरपंच बदन सहनी नाव के सहारे चूड़ा-गुड़ का वितरण कर रहे हैं। तीन जगहों पर सरकारी स्तर पर राहत शिविर चलाया जा रहा है, लेकिन राहत शिविर तक जाने की कोई व्यवस्था नहीं होने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। 24 घटे के अंदर गोकुला और पंदेय पंचायत के सैकड़ों घरों में पानी घुस गया है। मुखिया उषा रानी ने बताया कि मेरे घर में पानी घुसने से चूल्हा-चौका भी बंद हो गया है।
बोचहां विधायक ने ली सुध
बोचहा विधायक बेबी कुमारी सहिला रामपुर पंचायत के बलुआहा में बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचीं जहा बाढ़ पीड़ितों का आक्रोश झेलना पड़ा। पीड़ित महिलाओं का कहना था कि सरकार द्वारा दी जाने वाली मुफ्त अनाज डीलर नहीं दे रहे हैं। वहीं मनमानी कीमत ले रहे हैं। अबतक सरकार द्वारा लाकडाउन में दी जाने वाली मुफ्त अनाज नहीं मिला। वहीं घरों में पानी है लेकिन अबतक सरकार द्वारा दी गई प्लास्टिक भी नहीं मिली है। मौके पर मौजूद वार्ड सदस्य को समझा एवं डीलर के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। मौके पर आदर्श कुमार, सुनील चौधरी, सकलदीप ठाकुर आदि मौजूद थे।