Muzaffarpur News: भारत-नेपाल के बीच वर्चुअल संवाद का आयोजन, शामिल हुए दोनों देशों के सांसद
भारत व नेपाल के रिश्ते को लेकर वर्चुअल संवाद हुआ। इसमें दोनों देशों के राजनीति व धार्मिक संगठन के प्रतिनिधि शामिल हुए। बोले- मैत्री बस के संचालन से मजबूत हुआ दोनों देशों का रिश्ता
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। भारत व नेपाल के रिश्ते को लेकर वर्चुअल सम्मेलन-संवाद हुआ। इसमें दोनों देशों के सांसद, सामाजिक, राजनीति व धार्मिक संगठन के प्रतिनिधि शामिल हुए। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह सांसद अजय निषाद ने कहा कि भारत-नेपाल के बीच अटूट संबंध है। भारत-नेपाल रिश्ते पर 2013 से लगातार हर साल इंडो नेपाल समिट का आयोजन हुआ। वहां पर जो मांगपत्र आया उसे पूरा कराने की पहल की है। इसके तहत भारत से नेपाल को अभी बिजली मिल रही है। मैत्री बस का संचालन हुआ है।
भारत से जाने वाले लोगों का नेपाल पर भंसार की वाहन दर कम हुई है। नेपाल के कई छात्रों को वह अपनी पहल पर भारत में उच्च शिक्षा दिला रहे हैं। काठमांडू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी की पहल पर एक बड़ा अस्पताल बना है। उनके संसदीय क्षेत्र से जनकपुर के सीधे फोरलेन से जोडऩे के लिए मझौली चोरोत एनएच 527-सी का निर्माण हो रहा है। चीन एक सूदखोर महाजन है, जबकि भारत नेपाल का सच्चा मित्र, भाई है। इसलिए चीन की मंशा को नेपाल की जनता सफल नहीं होने देगी। संचालन आयोजक लेखक समाजसेवी अमिय भूषण ने किया।
माता सीता व बुद्ध का संबंध
पूर्व केंद्रीय मंत्री विधान पार्षद डॉ. संजय पासवान ने कहा कि भारत-पाक के बीच चचेरा भाई वाला संबंध जरूर है, लेकिन भारत और नेपाल के बीच मौसेरा संबंध है। माता सीता और बुद्ध का संबंध भारत के एक महत्वपूर्ण गौरव में से है। नेपाल के पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि भारत में ऐसा कोई युद्ध नहीं हुआ, जिसमें हमारे नेपाली भाई हिस्सा नहीं लिया। अपना खून नहीं बहाया। भारत में उन्हें गोरखा बटालियन में जगह दी है। दोनोंं देशों के नागरिकों के बीच विश्वसनीय संबंध है। चंद लोगों के कारण भारत नेपाल के रिश्ते को बेवजह विवाद बताकर तूल दिया जा रहा है। यह सब बहुत दिन चलने वाला नहीं है। नेपाल लुंबिनी के सांसद अभिषेक प्रताप शाह ने कहा कि भारत और नेपाल के इतिहास व भूगोल को कोई बदल नहीं सकता। भारत और नेपाल का सदियों से जो रिश्ता रहा है वह आगे भी रहेगा।
इन लोगों ने किया संबोधित
सम्मेलन को आरएसएस के क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख अनिल ठाकुर, सीमा जागरण मंच के महेश अग्रवाल, कृष्ण मोहन झा, अंकिता सुमार्ग, साध्वी हेमलता दीदी, मोहन कुमार सिंह, वरुण कुमार, छात्र नेता संकेत मिश्रा अनिल ठाकुर, पंकज दास, किरण आनंद, गीतांजलि शर्मा, भाजपा नेत्री ऋतुराज, रंभा मिश्रा आदि ने संबोधित किया।