बेतिया में दिखेगा मुंबई के जुहू चौपाटी का नजारा, रोशनी में नहाएगा संतघाट
शहर में नगर निगम की ओर से साफ - सफाई की बेहतर व्यवस्था की जा रही है। वाहन से जाने की बेहतर व्यवस्था की जा रही है। आने और जाने के लिए सड़कें हैं जिसकी बेहतर सफाई हो रही है। सड़क के दोनों तरफ लाइट की व्यवस्था की जा रही।
बेतिया, जासं। शहर के सबसे बड़े घाट संतघाट पर मुंबई के जुहू चौपाटी जैसा नजारा दिखेगा। रोशनी से जगमग ये घाट शहर का आकर्षण होगा। यद्यपि शहर के सभी छठ घाटों पर तैयारी की व्यवस्था समितियों के हवाले हैं। लेकिन प्रशासन की ओर से तैयारी का जायजा लिया जा रहा है। शहर में नगर निगम की ओर से साफ - सफाई की बेहतर व्यवस्था की जा रही है। वाहन से जाने की बेहतर व्यवस्था की जा रही है। आने और जाने के लिए सड़कें हैं, जिसकी बेहतर सफाई हो रही है। सड़क के दोनों तरफ लाइट की व्यवस्था की जा रही है। यहां 250 वाहनों के लिए पार्किंग स्थल बनाई गई है। मनोरंजन के लिए झूला आदि की व्यवस्था की जा रही है। संतघाट के दोनों तरफ छठ व्रत करने के लिए व्रती जुटते हैं। करीब 50 हजार से अधिक लोगों की भीड़ यहां रहती हैं। यहां वाहन और पैदल दोनों तरह की व्रती की व्यवस्था की गई है। संतघाट पूजा समिति के अध्यक्ष साहेब लाल ने बताया कि सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था ऐसी होती है कि महानगरों के छठ घाट पर भी इस तरह की व्यवस्था नहीं रहती। बच्चों के खेलने आदि के लिए भी यहां पर्याप्त व्यवस्था की जाती है। अद्भुत नजारा रहता है। यह मुंबई की जुहू चौपाटी से कम नहीं दिखता।
पूजा समिति की तरफ से शामिल हैं 50 वॉलिंटियर
हर साल की भांति इस साल भी संत घाट पूजा समिति की ओर से चंद्रावत नदी स्थित संत घाट पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है इसको लेकर विगत 1 माह पूर्व से ही तैयारी शुरू कर दी गई थी। पूजा समिति के सदस्य विशाल कुमार ने बताया कि संत घाट पूजा समिति चंपारण में विख्यात है। सफाई व्यवस्था को ले 50 वालंटियर को तैयार किया गया है। उन्हें दस टीम बना कर छठ घाट के चारों तरफ हर छोटी बड़ी व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया है। जिसके लिए वे विगत 1 माह से लगे हुए थे।
तैनात रहेंगे दंडाधिकारी व पुलिस के जवान
संतघाट पर भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से यहां दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और फोर्स की तैनाती की गई जाएगी। यहां एनडीआरएफ की टीम की तैनाती की जाएगी। प्रतिवर्ष तैयारी और साफ - सफाई में इस घाट की खुबसूरती में चार चांद लग जाते हैं।