बोले विहिप के केंद्रीय महामंत्री, क्षमतावान, समतामूलक समाज का निर्माण ही हमारा उद्देश्य
VHP दो दिनों के प्रवास पर पहुंचे विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे आज जाएंगे समस्तीपुर। जगन्नाथ रथ यात्रा की स्वीकृति दिए जाने का किया स्वागत।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। क्षमतावान, समतामूलक समाज का निर्माण ही विश्व हिंदू परिषद का उद्देश्य है। हम अपनी परंपराओं को जीवित रखें, ऐसा प्रयास होना चाहिए। ये बातें बुधवार को विहिप के केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहीं। दो दिनों के प्रवास बुधवार को यहां पहुंचे।
विहिप का पूरे विश्व में विस्तार
जवाहर लाल रोड स्थित चैंबर ऑफ कॉमर्स के सभागार में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अभी 29 देशों में संगठन है, जल्द ही पूरे विश्व में यह होगा। उन्होंने जगन्नाथ रथ यात्रा की स्वीकृति दिए जाने का स्वागत किया। मौके पर पूर्व मंत्री व विधान पार्षद देवेशचंद्र ठाकुर, विधायक केदार गुप्ता, पूर्व उपमेयर विवेक कुमार, डॉ.ममता रानी, प्रभात कुमार, विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री केशव राजू, क्षेत्रीय मंत्री वीरेंद्र विमल, प्रांत मंत्री राजकिशोर सिंह, जिलाध्यक्ष कृष्ण मुरारी भरतिया, जिला मंत्री नीरज शर्मा आदि भी मौजूद थे।
हिंदू निष्ठ हो सरकार
श्री परांडे ने कहा कि विहिप केंद्र या राज्य में हिंदू निष्ठ सरकार चाहती है। समाज में अच्छा वातावरण बने, ऐसा प्रयास हो। सीएए का संबंध किसी की नागरिकता छीनने से नहीं, बल्कि पड़ोसी देशों में शोषित हिंदू परिवारों की रक्षा करने से है। समाज में विद्वेष फैलाने की मंशा से कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं।
भारत में ही बने गुणवत्तापूर्ण सामान
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण सामान भारत में ही बनें, ऐसा प्रयास होना चाहिए। चीन निर्मित चीजें खरीदने से बचें। कहा कि लॉकडाउन के दौरान संगठन ने काफी कार्य किए हैं। एक करोड़ 65 लाख लोगों के बीच तैयार भोजन दिया गया। हेल्पलाइन सेवा का 90 हजार से अधिक लोगों ने लाभ लिया। 40 लाख से अधिक मास्क वितरित किए गए।
गोवंश की रक्षा पर जोर
समाज के लोगों व संगठन पदाधिकारियों संग बैठक के दौरान उन्होंने गोवंश की रक्षा और इसके उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग पर जोर दिया। जिला सह मंत्री रामेश्वर साह व जिला उपाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि गुरुवार को प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। उसके बाद शाम में श्री परांडे समस्तीपुर के लिए रवाना होंगे।