पश्चिम चंपारण के बैरिया में बिजली मिस्त्री की मौत पर हंगामा, ग्रामीणों ने सब स्टेशन को घेरा WestChamparan News
पश्चिम चंपारण के बैरिया की घटना। छह दिन पूर्व तार ठीक करने के दौरान झ़ुलस गया था मिस्त्री पटना में इलाज के दौरान हुई मौत। विरोध में विद्युत कर्मियों ने भी कार्य का बहिष्कार किया।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। पखनाहा डुमरिया गांव में छह दिन पूर्व हाईटेंशन तार के चपेट में आने से घायल बिजली मिस्त्री चंदन कुमार की मौत रविवार की सुबह पटना में इलाज के दौरान हो गई। चंदन की मौत की खबर सुनते ही डुमरिया गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने सब स्टेशन को घेर लिया। जमकर हंगामा किया। विरोध में विद्युत कर्मियों ने भी कार्य का बहिष्कार कर दिया।
करीब 10 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। बवाल की सूचना पर पुलिस निरीक्षक राकेश कुमार भास्कर, बैरिया थानाध्यक्ष श्याम किशोर पंडित, श्रीनगर थानाध्यक्ष खालिद अख्तर के नेतृत्व में पुलिस पहुंची। आक्रोशितों को समझा बुझाकर शांत कराया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण डुमरिया गांव निवासी बिजली मिस्त्री चंदन कुमार स्पर्शाघात का शिकार हुआ। आपूर्ति बंद करा कर वह पखनाहा बांध पर खराब लाइन की मरम्मत कर रहा था। तभी अचानक करंट आ गया और चंदन बुरी तरह से झुलस गया।
मात्र छह हजार के मासिक वेतन पर काम करने वाले इस मजदूर के इलाज में भी विभाग की ओर से सहयोग नहीं किया गया। ग्रामीण उसके आश्रित को नौकरी और 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। उधर, कनीय अभियंता आदित्य राज ने बताया कि जानबूझकर ऐसा नहीं किया गया था। तकनीकी कारणों से आपूर्ति चालू हो गई थी। इसकी जांच की जा रही है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी।