Coronavirus : संक्रमित के शव को जलाने को लेकर सिकंदरपुर श्मशान घाट पर हंगामा
मृतक के पुत्र की पिटाई कर बनाया बंधक। नगर निगम के प्रतिनियुक्त कर्मचारी अशोक कुमार ने बताया कि स्थानीय लोग यहां शव के दाह संस्कार का विरोध कर रहे हैं।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। कोरोना संक्रमित के शव को जलाने को लेकर सिकंदरपुर श्मशान घाट पर स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। शव के साथ आए स्वजनों से गलत व्यवहार व मारपीट की। मृतक के पुत्र की पिटाई कर उसे बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंचे सिकंदरपुर ओपी अध्यक्ष हरेंद्र तिवारी ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
एसकेएमसीएच से लाया गया था शव
सीतामढ़ी के बैरगनिया निवासी एक व्यक्ति की मौत एसकेएमसीएच में हो गई थी। वह संदिग्ध कोरोना पॉजिटिव बताया गया था। स्वजन दाह संस्कार के लिए शव को सिकंदरपुर श्मशान घाट पर लाए थे। वहां कोविड प्रोटोकॉल के तहत दाह संस्कार किया जा रहा था। इसी बीच स्थानीय लोगों ने संक्रमण फैलने का आशंका जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मृतक के पुत्र को बंधक बना लिया। उसे बाद में पुलिस ने मुक्त कराया। श्मशान घाट पर नगर निगम के प्रतिनियुक्त कर्मचारी अशोक कुमार ने बताया कि स्थानीय लोग यहां शव के दाह संस्कार का विरोध कर रहे हैं। इसके लिए उन पर दबाव बनाते हैंं। सिकंदरपुर ओपी अध्यक्ष हरेंद्र तिवारी ने बताया कि किसी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है।