बिहार के सड़क छाप मजनू की ढिठाई तो देखिए, महिला सिपाही से कहा- मुझसे शादी करोगी
UNIQUE LOVE WONDERFUL LOVE बिहार में बदमाशों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। सामान्य नागरिकों की कौन कहे पुलिस को भी नहीं बख्श रहे। मुजफ्फरपुर के रामदयालु में गश्ती में तैनात महिला सिपाही को राह चलते शोहदे ने शादी का प्रस्ताव तक दे डाला। यह कोई पहला मामला नहीं है।
मुजफ्फरपुर, आनलाइन डेस्क। हाल के दिनों में बिहार में बदमाशों के हौसले बुलंद हुए हैं। वे कुछ भी कर गुजरते हैं। पुलिस को भी नहीं बख्श रहे। सामान्य लोगों की कौन कहे। मनचलों के हौसले का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि वे वर्दीधारी महिला सिपाहियों पर फब्तियां कसने से पीछे नहीं हटते। जब उन्हें रोका-टोका जाता है तो लगे हाथ शादी का प्रस्ताव तक दे डालते हैं। हाल के कुछ मामलों में पुलिस ने इस तरह के शोहदों के खिलाफ कार्रवाई की है।
चेतावनी देकर छोड़ दिया गया
बात गुरुवार की है। सदर थाना क्षेत्र के रामदयालु के समीप महिला सिपाही गश्ती टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण कर रही थी। उनको देख मनचलों ने फब्तियां कस दीं। कुद भद्दे कमेंट्स भी कर दिए। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने एक आरोपित को पकड़ा लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह गोरौल कटरमाला का रहने वाला है। रामदयालु में ही फास्ट फूड की दुकान चलाता है। पुलिस का कहना है कि उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।
प्यार का इजहार कर डाला
यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे तीन दिन पहले शहर के एक चौराहे पर इसी तरह की घटना घटी थी। उस चौराहे पर एक सप्ताह से खाकी वर्दी वाली मैडम की ड्यूटी लगी है। ड्यूटी करते-करते थक जाने पर मैडम चाय की चुस्की लेने बगल की दुकान पर गई थीं। तभी वहां खड़ा एक सड़क छाप मजनू अपने मोबाइल से मैडम की तस्वीर उतारने लगा। मैडम इस बात को समझ गईं। उसे बुलाया और उसकी इस हरकत पर कुछ कहतीं, इससे पहले ही वह पूरी ढिठाई के साथ कहने लगा- आप बहुत खूबसूरत हैं। प्यार का इजहार कर डाला। और तो और, सीधे शादी का प्रस्ताव दे दिया। उसकी इस हरकत से मैडम सदमे में आ गईं। फिर अपने को संभालते हुए मोबाइल घुमाया। अपने वरीय अधिकारी को इसकी जानकारी दी और उस मजनू को महकमे के लोग उठाकर ले गए और जमकर खैर-खबर ली गई।