मधुबनी में भोज खाने के दौरान दो लोगों को मारी गोली, दरभंगा रेफर
मधुबनी के पिपरौन मुखिया के दरवाजे पर लोग भोज खा रहे थे। इसी दौरान बदमाश मोती महतो ने गोली चला दी और भाग गया।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन । मधुबनी जिला अंतर्गत हरलाखी थाना क्षेत्र के पिपरौन गांव में नए साल के पहले दिन देर शाम दो लोगों को गोली मार दी गई। जिससे गांव के ही 50 वर्षीय श्याम सुंदर महतो और 10 वर्षीय मोमताज साफी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। श्याम सुंदर महतो को सीने में गोली लगी है। वहीं मुमताज साफी के सिर में गोली धंसी है। इलाज के लिए दोनों को पीएचसी में लाया गया। जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच रेफर कर दिया। पीएचसी प्रभारी उमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि दोनों की स्थिति नाजुक थी। गोली शरीर के अंदर में ही थी। सूचना पर पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि नए साल के जश्न में पिपरौन मुखिया के दरवाजे पर भोज का आयोजन किया गया था। जिसमें ग्रामीण भोज खाने पहुंचे थे। कुछ लोग खा रहे थे। जबकि कुछ लोग अपनी बारी का इंतज़ार कर रहे थे। उसी दौरान बदमाश मोती महतो ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने गोली चला दी और भाग गया। जिसमें दो निर्दोष लोगों को गोली लग गई। घटना के बाद अफरातफरी का माहौल हो गया। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया आरोपी की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।