Madhubani : झूला में करंट आने से नालंदा के दो युवकों की मौत...यह हुई घटना Madhubani News
मृतक मोहन पासवान ( 32) एवं राकेश कुमार ( 37) नालंदा जिला के बिंद थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी हैं। ये दोनों झूला कंपनी के कर्मचारी बताए जा रहे।
मधुबनी, जेएनएन। मधेपुर के लक्ष्मीपुर चौक पर दुर्गा पूजा के दौरान एचपीएस कॉलेज प्रागंण में लगे एक झूला में करंट आने से दो लोगों की मृत्यु हो गई। वहीं दो की हालत गंभीर है। मृतक मोहन पासवान ( 32) एवं राकेश कुमार ( 37) नालंदा जिला के बिंद थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी हैं। ये दोनों झूला कंपनी के ही कर्मचारी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा कि झूला कंपनी वाले ने मामला दबाने की कोशिश की। मगर, स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि मेला परिसर में लगे झूला को ठीक करने के दौरान उसमें करंट आने से चार कर्मी उसकी चपेट में आ गए। सोमवार देर रात यह हादसा होने से किसी को जानकारी नहीं हुई। कंपनी के अन्य कर्मी सभी को लेकर वहां से निकल गए। मगर, दो की मौत अस्पताल जाने से पहले हो गई। डीएमसीएच, दरभंगा में दोनों का मंगलवार देर शाम को पोस्टमार्टम कराया गया। दो जख्मी का इलाज कहां हो रहा यह जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले में कंपनी के अधिकारी की तलाश की जा रही है।