मधुबनी में दो दिवसीय राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता शुरू, भव्य समारोह का हुआ आयोजन Madhubani News
पंडौल उच्च विद्यालय के मैदान में भव्य समारोह का आयोजन। पंडौल उच्च विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया।
मधुबनी, जेएनएन। कला संस्कृति एवं युवा विभाग राज्य खेल प्राधिकरण पटना तथा जिला प्रशासन मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय अंतर जिला विद्यालय खो-खो खेल प्रतियोगिता का शनिवार को शुभारंभ हुआ। पंडौल उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित दो दिवसीय खो - खो प्रतियेगिता का उद्घाटन वरीय उप समाहर्ता और प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी राजू कुमार ने किया। कहा कि वर्तमान में खेल सम्मान के साथ धन कमाने का भी माध्यम बना है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के बल पर शोहरत और दौलत कमा रहे हैं। पंडौल उच्च विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। नटराज डांस एकेडमी के कलाकारों ने झिझिया, डोमकच पेश कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित ने अतिथियों को सम्मानित किया।
मधुबनी, मुंगेर, रोहतास, नवादा,बक्सर दूसरे चरण में
शनिवार को खेले गए मैच के अंडर 14 में मधुबनी ने कटिहार को 09-01 से , मुंगेर ने मधेपुरा को 07-06 से, रोहतास ने पूर्णिया को 03-01 से , नवादा ने बांका को 15-01 से , बक्सर ने सिवान को 08-06 से पराजित कर अगले चरण में प्रवेश किया। रोहतास वॉक ओवर के सहारे अगले चरण में पहुंचा। अंडर 17 के मैच में बेगूसराय ने वैशाली को 09-00 से, मुजफ्फरपुर ने पं. चंपारण को 10-03 से पराजित कर अगले चरण में प्रवेश किया। गया की टीम भी वॉक ओवर मिलने के कारण अगले चरण में प्रवेश कर गई।