पूर्वी चंपारण के चिरैया में डूबने से दो बच्चों की मौत, इस तरह हुई घटना, गांव में कोहराम
छोटे भाई को पानी में जाते देख बड़ा भाई विशाल कुमार ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। लेकिन नदी में आई बाढ़ के कारण दोनों पानी में डूब गए।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। चिरैया प्रखंड के लालबेगिया गांव में मंगलवार की सुबह दो बच्चों की सिकरहना नदी में डूबने से मौत हो गई। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह लगभग 9 बजे जोर से आंधी-बारिश आई थी। उसी बीच उपेन्द्र सहनी की बकरी खुल गई और घर के बगल में स्थित सिकरहना नदी की तरफ भागने लगी। इससे पकड़ने के लिए उसका बड़ा पुत्र विशाल कुमार (13) एवं वृजेश कुमार (12) उस बकरी को पकड़ने के लिए दौड़े।
भाई को बचाने में गई जान
आंधी के कारण उपेन्द्र सहनी का छोटा पुत्र वृजेश कुमार सिकरहना (बूढ़ी गंडक) नदी में चला गया। छोटे भाई को पानी में जाते देख बड़ा भाई विशाल कुमार ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। लेकिन, नदी में आई बाढ़ के कारण दोनों पानी में डूब गए। ग्रामीणों ने किसी प्रकार उन दोनों को बाहर निकाला। फिर स्थानीय वार्ड सदस्य रामाकांत सहनी आदि उसे आनन-फानन में मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में ले गए, जहां उसे सदर अस्पताल में ले जाने को कहा गया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने देखने के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
स्वजनों का का रो-रो कर बुरा हाल
यहां बता दें कि उपेन्द्र सहनी के घर के ठीक सौ मीटर पीछे सिकरहना नदी बहती है। मृतक विशाल और वृजेश लालबेगिया गांव स्थित राजकीय मध्य विद्यालय लालबेगिया में सातवीं और छठी कक्षा का छात्र था। विशाल और वृजेश की मां निर्मला देवी, दादा वंसी सहनी और दादी लक्ष्मीनिया देवी सहित दोनों भाई व वहन का रो-रो कर बुरा हाल है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही सीओ सचिंद्र कुमार ने राजस्व कर्मचारी प्रेमकिशोर सिंह को घटनास्थल पर जांच करने के लिए भेंजा है। वहीं घटनास्थल पर अपर थानाध्यक्ष केके यादव व एसआई रेयाज अहमद खां, पंचायत के पूर्व मुखिया महेश्वर सहनी, स्थानीय पंचायत समिति सदस्य के पति व भाजपा नेता जयराम निषाद व वार्ड 12 के वार्ड सदस्य रमाकांत सहनी आदि पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।