युवक की गला दबाकर हत्या, घर के नजदीक से शव बरामद, इलाके में सनसनी
बगहा के रामनगर शहर के पुरानी बाजार का रहने वाला था मृतक। घर से कुछ ही दूरी पर अवस्थित बगीचे से बरामद किया गया शव। तीन दिन पूर्व क्रिकेट खेलने के दौरान हुआ था विवाद।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। पश्चिम चंपारण के बगहा अंतर्गत रामनगर शहर में एक युवक की गला दबाकर हत्या गुरुवार की रात कर दी गई। युवक की पहचान रामनगर शहर के पुरानी बाजार निवासी पन्नालाल साह के पुत्र मुकेश कुमार (20 ) के रूप में की गई है। युवक का शव शुक्रवार की सुबह घर से कुछ ही दूरी पर अवस्थित शिव मारवाड़ी के बगीचे के समीप से बरामद किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
शव की जानकारी होने पर लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। एसडीपीओ अर्जुन लाल ने बताया कि गुरुवार की संध्या पहर से ही मुकेश गायब था। रात्रि में परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह शव बरामद किया गया। ऐसी संभावना है कि अन्यत्र हत्या कर शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है। गले पर निशान मिले हैं। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है।
उधर, चर्चा है कि तीन दिन पूर्व क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में मुकेश के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की थी। जिसके बाद अचानक यह घटना हुई। मृतक के पिता ने कहा कि उसकी किसी से दुश्मनी नहीं है। घटना के बाद पीडि़त युवक के घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। पुलिस के अनुसार, इस घटना को अंजाम देने वालों की जल्द ही पहचान कर ली जाएगी। साथ ही हत्या के कारणों का भी खुलासा कर लिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप