दरभंगा में दहेज के 40 हजार रुपये के लिए विवाहिता को जलाने की कोशिश, पुलिस कर रही जांच
सूचना पर गांव वालों की मदद से ससुराल गई। लेकिन ससुराल वाले शेष 40 हजार रुपये की मांग करने लगे। विरोध करने पर पति सहित अन्य ससुराल के लोगों ने नरगीस को बांधकर जलाने की कोशिश की। महिला ने थाने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दरभंगा, जासं। दहेज के लिए विवाहिता को बांधकर जलाने की कोशिश की गई। घटना सदर थानाक्षेत्र के लोआम गांव की है। पीडि़ता के बयान पर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कू गई है। पीडि़ता ने अपने पति मो. नेमतुल्ला, ससुर मो. असलम, सास अजीमा खातुन, ननद साहिन परवीन, माहीन परवीन को आरोपित किया है। बहेड़ा थानाक्षेत्र के शिवराम गांव निवासी स्व. मो. खालिक की पुत्री नरगीस खातुन ने बताया है कि उसकी शादी 26 दिसंबर 2015 को नेमतुल्ला से हुई। शुरू में सबकुछ ठीक-ठाक चला। अचानक पीडि़ता की सास एवं अन्य लोग दहेज में दो लाख रुपये की मांग करने लगे। कहने लगे लड़के को अरब जाना है।
पीडि़ता ने मायकेवालों से बात की। काफी कोशिश के बाद एक लाख 60 हजार रुपये मायके वाले पहुंचा दिए। इस रुपये से नेमतुल्ला अरब चला गया। लेकिन, इस बीच पीडि़ता को एक रुपये भी भेजने का काम नहीं किया। नतीजा, वह थकहार मायके चली गई। बीच में जब वह ससुराल आती तो उसे प्रताडि़त कर घर से भगा दिया जाता था। इस बीच उसके पति चार वर्ष पर विदेश से घर पहुंचे।
सूचना पर गांव वालों की मदद से ससुराल गई। लेकिन, ससुराल वाले शेष 40 हजार रुपये की मांग करने लगे। विरोध करने पर पति सहित अन्य ससुराल के लोगों ने नरगीस को बांधकर जलाने की कोशिश की। उसके बदन पर केरोसिन तेल डाल दिया गया। इसके बाद आग लगा दिया गया। हल्ला करने पर लोग जुटे। इसके बाद वह बदन से कपड़ा निकालकर फेंक दी। इस हाल में वह मायके गई। सारी घटना की जानकारी दी। जब मायके वाले ने फोन किया तो पति ने तलाक देने की बात कही। इधर, थानाध्यक्ष नुसरत जहां ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जला कपड़ा प्रस्तुत किया गया है। जिसकी जांच की जा रही है।