शिवहर में राजद की बड़ी कार्रवाई, पूर्व विधायक अजीत कुमार झा समेत तीन को दिखाया बाहर का रास्ता
Sheohar News पूर्व विधायक अजीत कुमार झा समेत तीन राजद से निष्काषित। राजद से छह साल के लिए हुआ निष्काषण। महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष नीलम पासवान और युवा नेता निशांत कुमार झा उर्फ पिंटू झा को भी राजद ने पार्टी से निकाला।
शिवहर, जागरण संवाददाता। विधान सभा चुनाव के तीन माह बाद राजद ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक अजीत कुमार झा और महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष नीलम पासवान तथा निशांत कुमार उर्फ पिंटू झा को निष्काषित कर दिया है। राजद जिलाध्यक्ष मो. इश्तियाक अली खान की अनुशंसा पर प्रदेश राजद अध्यक्ष ने तीनों नेताओं को पार्टी के खिलाफ काम करने का दोषी पाते हुए छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है। इनमें अजीत कुमार झा शिवहर के पूर्व विधायक सह पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुनाथ झा के पुत्र हैं। अजीत कुमार झा शिवहर से विधायक भी रह चुके हैं।
विधान सभा चुनाव में अजीत कुमार झा खुद की अस्वस्थता कीवजह से शिवहर सीट से अपने पुत्र सह राजद नेता नवनीत कुमार झा के लिए टिकट की दावेदारी कर रहे थे। लेकिन पार्टी ने नवनीत की बजाए पूर्व सांसद आनंद मोहन के पुत्र चेतन आनंद को प्रत्याशी बनाया। इससे नाराज नवनीत कुमार झा ने राजद से इस्तीफा दे दिया था। वहीं शिवहर में सीएम नीतीश कुमार की जनसभा के दौरान सीएम की मौजूदगी में जदयू की सदस्यता हासिल की थी। चेतन को प्रत्याशी बनाने के विरोध में राजद में बड़ी फूट हुई थी।
जिलाध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र कुमार सिंह व उपाध्यक्ष श्रीनारायण सिंह समेत दर्जनभर नेताओं ने इस्तीफा दे दिया था। जबकि, विधान सभा चुनाव के दौरान नवनीत और उनके पिता अजीत कुमार झा ने जदयू प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगे थे। हालांकि, चुनाव में शिवहर से राजद के चेतन आनंद रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करने में कामयाब हुए थे। जबकि, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष और निशांत कुमार झा उर्फ पिंटू झा भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए गए थे। तीनों के खिलाफ जिलाध्यक्ष द्वारा पार्टी आलाकमान से शिकायत की गई थी। इसके आलोक में यह कार्रवाई की गई हैं।