DECISSION : अब सड़क हादसे के शिकार को मदद करने पर मिलेगा सम्मान, नकद भी
गुड सेमेरिटन सम्मान से पुरस्कृत करेगा परिवहन विभाग, जिलाधिकारी प्रदान करेंगे प्रशस्ति पत्र भी
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। राह चलते यदि कोई हादसे का शिकार हो गया हो तो आप बेहिचक उनकी मदद करें। आपको किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। इतना ही नहीं, आपको इसके लिए सम्मानित भी किया जा सकता। राज्य सरकार ने दुर्घटना के शिकार लोगों की मदद करने की प्रवृत्ति को बढ़ाने के लिए ऐसा निर्णय लिया है। उन्हें गणतंत्र दिवस पर गुड सेमेरिटन सम्मान दिया जाएगा। क्योंकि हादसे के बाद का पहला घंटा पीडि़त के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है।
उसकी चिकित्सा जितनी जल्दी शुरू हो जाती है, नुकसान की आशंका उतनी ही कम हो जाती है। अमूमन सड़क हादसा होने पर भीड़ मूकदर्शक बनी रहती है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए सरकारी तंत्र के पहुंचने का इंतजार किया जाता है। चंद ही लोग होते हैं जो पीडि़तों की मदद करते हैं। ऐसे लोग आगे बढ़ कर घायलों को अस्तपाल पहुंचाते हैं। जिले के ऐसे ही लोगों को चयनित कर सरकार पुरस्कृत करेगी। परिवहन विभाग ऐसे लोगों को 'गुड सेमेरिटन पुरस्कार देगा।
गणतंत्र दिवस पर होंगे पुरस्कृत सड़क हादसे के पीडि़त की मदद की भावना को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 'गुड सेमेरिटन पुरस्कार शुरू किया है। इसकी जिम्मेदारी परिवहन विभाग को दी गई है। ऐसे लोगों का चयन कर उन्हें गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी नकद राशि के साथ-साथ प्रशस्ति पत्र भी प्रदान करेंगे।
जागरूकता लाना मूल उद्देश्य
सूबे में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या चिंताजनक स्तर तक बढ़ गई है। इस अनुपात में जान-माल का नुकसान भी बढ़ा है। इस पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। बिहार सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में 'गुड सेमेरिटन सम्मान से पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया था। उसके आलोक में यह कवायद जारी है। इसके लिए तयशुदा मानक निर्धारित करने की जगह आवेदक को सक्षम पदाधिकारी के समक्ष यह साबित करना होगा कि उसने सड़क हादसे में पीडि़त को अस्पताल तक ससमय पहुंचा कर उसकी जान बचाई है।
मुजफ्फरपुर के डीटीओ मो. नजीर अहमद ने कहा कि सड़क हादसे के पीडि़त की मदद कर जान बचाने वालों को यह पुरस्कार दिया जाएगा। अन्य हादसों से भी बचाने वालों को पुरस्कार में शामिल किया जा सकता है। ऐसे लोग विभाग को साक्ष्य के साथ आवेदन करें।