फिर बौराई बागमती, कटरा में डेढ़ लाख लोग प्रभावित
बागमती के जलस्तर में शुक्रवार को लगभग 2 फीट की वृद्धि हो गई।
मुजफ्फरपुर। बागमती के जलस्तर में शुक्रवार को लगभग 2 फीट की वृद्धि हो गई। जिससे कई मार्गो पर पानी चढ़ गया है और आवागमन ठप है।
बकुचीघाट स्थित पीपा पुल के उत्तरी भाग में 2 फीट पानी बह रहा है। प्रखंड मुख्यालय आने-जाने वालों के लिए आवागमन बंद पड़ने से बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। बागमती के उत्तरी भाग से प्रखंड कार्यालय जाने के लिए सिंघवाड़ा, बेनीवाद होते हुए जारंग मार्ग से जाना पड़ता है। 10 किमी की दूरी की बजाय 48 किमी तय करना पड़ता है। दूरी के कारण दिनभर का समय आने-जाने में ही बीत जाता है। उधर, बसघटृा डायवर्सन पर भी पानी बह रहा है, जिससे आवागमन बंद है। पहले से ध्वस्त पुल पर चचरी बनाकर यातायात चालू करने की कोशिश की गई। लेकिन, उंचाई अधिक होने के चलते पार करना खतरे से खाली नहीं है। इस कारण लोग अनहोनी से भयभीत हैं। लगभग डेढ़ लाख की आबादी का सड़क संपर्क भंग है। अबतक कोई प्रशासनिक पहल नहीं की जा सकी है। जिससे लोगों में काफी क्षोभ है।