सराहनीय पहल : युवती ने शादी के पहले उठाया यह कदम, उपस्थित लोग कह उठे वाह-वाह
मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत बंदरा प्रखंड की नूनफारा पंचायत के बरियारपुर निवासी काजल सिंह ने शादी से एक दिन पहले पौधरोण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बंदरा प्रखंड की नूनफारा पंचायत के बरियारपुर निवासी पंचायत सचिव पंकज कुमार पुरुषोत्तम की पुत्री काजल सिंह उर्फ ब्यूटी ने शादी से एक दिन पहले पौधरोपण किया। उनकी इस सोच को न केवल शादी समारोह में भाग ले रहे लोगों ने वरन अन्य लोगों ने सराहा। पर्यावरण संरक्षण के इस तरीके की सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
शनिवार को पूजा करने के बाद काजल ने आम, आंवला समेत 11 तरह के पौधे लगाए। इस संबंध में पूर्व मुखिया व काजल के चाचा अशोक सिंह ने बताया कि काजल बचपन से ही प्रकृति को लेकर संवेदनशील है। अलग-अलग किस्म के पौधे लगाना उसका शौक है। उसने शादी से ठीक पहले पौधारोपण की बात कही थी।
इसे परिवार के लोगों ने सहर्ष स्वीकार किया और उसकी इच्छा पूरी की गई। उसके लगाए पौधे को हमलोग हर तरह से संरक्षित करेंगे। मेहंदी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम पौधरोपण के बाद हुआ। मौके पर बडग़ांव पंचायत के मुखिया शंभू साह, कौशल ठाकुर, लक्ष्मी नारायण सिंह, रविरंजन सिंह, मुकेश सिंह, राजेश सिंह, शुभम सिंह, शिवम सिंह आदि मौजूद थे।
गांव के लोग इस पहल को नई परंपरा मान रहे है। उनका कहना है कि इससे प्रेरित होकर अन्यय लड़कियां भी ऐसा कर सकती हैं। यह पर्यावरण संरक्षण के लिए सुखद है। इसे जन्मदिन, शादी की सालगिरह व अन्य महत्वपूर्ण मौकों से भी जोड़ने की आवश्यकता पर लोगों ने बल दिया।