सिपाही भर्ती की परीक्षा देकर लौट रहे दंपती पर चली गोली, महिला जख्मी Muzaffarpur News
मुजफ्फरपुर के पारू थाना क्षेत्र की घटना। जहां सिपाही भर्ती की परीक्षा देकर लौट रहे दंपती पर बदमाशों ने फाइरिंग कर दी। इसमें महिला जख्मी हो गई।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। पारू थानाक्षेत्र के ब्रह्मïपुरा स्थित मुख्य मार्ग पर अपाचे सवार बदमाशों ने सिपाही भर्ती की परीक्षा देकर लौट रहे एक दंपती पर फायरिंग की। घटना बाइक लूटने के दौरान हुई। बताया गया है कि महिला कविता देवी पति प्रशांत कुमार के साथ सिपाही की परीक्षा देकर लौट रहीं थीं।
इसी दौरान बदमाशों ने घेरा और बाइक लूटने के दौरान गोली मार दी। कविता को इलाज के लिए देवरिया स्थित निजी क्लीनिक मे भर्ती कराया। लेकिन, तत्काल उन्हें मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
देवरिया थानाध्यक्ष संजय स्वरूप ने बताया कि घटना की जानकारी ली गई है। साहेबगंज थानाक्षेत्र के मधुरापुर गांव के प्रशांत अपनी पत्नी कविता को सिपाही की परीक्षा दिलाकर मुजफ्फरपुर से मधुरापुर गांव लौट रहा था। इसी बीच सशस्त्र अपराधियों ने पीछे से तीन चार राउंड फायरिंग की। इनमें से एक गोली कविता की दाहिनी केहुनी में लगी। इस कारण से वह जख्मी हो गईं। पारू थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है।
उधर, जख्मी के चाचा राजू ने बताया कि सशस्त्र अपराधी बाइक लूटने की कोशिश कर रहा था। विरोध करने पर अपराधियो ने फायरिंग कर दी। जिसमें कविता को गोली लग गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।