Lok Sabha Election 2019: पूर्वी चंपारण में दिखा मतदाताओं का उत्साह, जीत-हार पर लग रहे कयास
पूर्वी चंपारण लोकसभा सीट के मतदाताओं ने जमकर उत्साह दिखाया। परेशानियों और कामकाज को पीछे छोड़ मतदान केंद्रों तक पहुंचे और मताधिकार का इस्तेमाल किया।
मोतिहारी, जेएनएन। सुबह के सुहाने और दिन चढ़ते मौसम की तल्खी के बीच पूर्वी चंपारण लोकसभा सीट के मतदाताओं ने जमकर उत्साह दिखाया। परेशानियों और कामकाज को पीछे छोड़ मतदान केंद्रों तक पहुंचे और मताधिकार का इस्तेमाल किया। शहरी क्षेत्रों में बने मतदान केंद्रों की तुलना में ग्रामीण इलाकों में मतदाताओं की लंबी कतार रही। इनमें भी महिलाएं ज्यादा संख्या में नजर आईं। इस सीट पर 60.68 फीसद पड़े। पिछली बार की तुलना में ज्यादा वोटिंग हुई है। 2014 में 57.2 फीसद वोटिंग हुई थी। यहां भाजपा सांसद व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह और रालोसपा के आकाश कुमार सिंह के साथ सीधी लड़ाई है। आकाश पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।
पुरुषों की तुलना में आधी आबादी का उत्साह भी कम नहीं रहा। युवा मतदाताओं के लिए यह नया अनुभव रहा। कुछ परिवार तो कुछ दोस्तों के साथ सेल्फी लेते रहे। बुजुर्ग मतदाता भी परिजन संग वोट डालने पहुंचे। मोतिहारी में मतदान केंद्र संख्या 121 पर शहर के शांतिपुरी निवासी कर्ण कुमार ने बरात सजाने से पहले वोट किया। कल्याणपुर प्रखंड मुख्यालय की तुलसीपट्टी बूथ संख्या 158 पर धनंजय सिंह की बेटी अंजली कुमारी ने शादी के जोड़े में सजने से पहले वोट किया।
मोतिहारी विधानसभा के पीपराकोठी थाना क्षेत्र स्थित मतदान केंद्र संख्या 260 पर वोट देने गए काजीपुरा निवासी विश्वनाथ साह (55) की मौत हो गई। वे वोट देकर निकले और मूर्छित हो गए। परिजन ने पानी का छींटा मारा, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। पश्चिमी चंपारण के भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजय जयसवाल की गाड़ी पर पूर्वी चंपारण के नरकटिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सेखौना में शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। इससे उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए फायङ्क्षरग भी की। काफ देर तक तनावपूर्ण स्थिति रही। इस सीट से भाग्य आजमा रहे भाजपा के राधामोहन सिंह ने धर्मसमाज चौक मतदान केंद्र पर वोट डाला।
मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र स्थित मतदान केंद्र संख्या 281 पर सूबे के पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार ने वोट डाला। जिले के मॉडल मतदान केद्रों को आंगनबाड़ी सेविकाओं ने रंगोली बनाकर सजाया। 24 बूथों पर महिलाओं ने वोटिंग का जिम्मा संभाला। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए अद्र्धसैनिक बलों के अलावा बिहार पुलिस व पांच हजार गृह रक्षकों की तैनाती रही।
जिले से लगनेवाली भारत-नेपाल की खुली सीमा पर निगरानी के लिए चेकपोस्ट बनाए गए थे। शिवहर, सीतामढ़ी, बगहा व गोपालगंज जिले की अलग-अलग सीमा पर भी नाके बनाए गए थे। जिले में 69 मतदान केंद्रों को मॉडल बनाया गया था। जिले के 66 मतदान केंद्रों से लाइव वेबकाङ्क्षस्टग होती रही। इधर, लगभग एक दर्जन मतदान केंद्रों से ईवीएम खराब होने की सूचना मिली। इन केंद्रों पर कुछ देर तक मतदान बाधित भी रहा। मामूली नोकझोंक के अलावा पूरे इलाके में चुनाव कार्य शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। चुनाव खत्म होने के बाद मतदान कर्मी ईवीएम को लेकर जिला मुख्यालय स्थित वज्रगृह में जमा करने के लिए पहुंचने लगे। यह देर रात तक चलता रहा। यहां सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी।
2014 के नतीजे
1. राधामोहन सिंह (भाजपा) : 400452
2. विनोद श्रीवास्तव (राजद): 208289
3. अवनीश कुमार (जदयू): 128604
हार-जीत का अंतर : 192163
2009 के नतीजे
1. राधामोहन सिंह (जदयू): 201114
2. अखिलेश कुमार सिंह (राजद): 121824
3. अरविंद कुमार गुप्ता (कांग्रेस) : 68323
हार-जीत का अंतर : 79290
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप