पश्चिम चंपारण के नौतन में महिला की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया, कार्रवाई में जुटी पुलिस
नौतन में एक महिला की हत्या कर शव को रस्सी से बांध कर घर में लटका दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा पति समेत अन्य फरार। पिता ने लगाया हत्या का आरोप।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। नौतन थाना क्षेत्र की श्यामपुर कोतराहा पंचायत के वार्ड नौ नवका टोला बैरिया में रविवार को एक महिला की हत्या कर शव को रस्सी से बांध कर घर में लटका दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जायजा लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बेतिया भेज दिया। महिला के पति समेत अन्य फरार हैं। थानाध्यक्ष अनुज कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सेनवरिया निवासी जग्रनाथ महतो की पुत्री दीपा देवी (26) की शादी वर्ष 2014 में कोतराहा बैरिया निवासी शिव महतो पुत्र रामू महतो से हुई थी। शादी के बाद दीपा ने एक पुत्री को जन्म दिया। इस बीच कई दिनों से सास और परिवार के अन्य लोग मिलकर झगड़ा व मारपीट कर रहे थे।
दोपहर भी सास से झगड़ा व मारपीट हुई। इसके बाद सभी फरार हो गए। सूचना मिलने पर महिला के पिता पहुंचे तोबेटी के गले में फंदा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि पिता का बयान लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।