पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में मिला युवती का सिरकटा शव, मामले की जांच में जुटी पुलिस
पश्चिम चंपारण के शिकारपुर थाना क्षेत्र के मुरली गांव की घटना। सरेह स्थित गन्ने के खेत में एक युवती का क्षत -विक्षत शव मिला। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका अब तक नहीं हुई पहचान।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के मुरली गांव के सरेह स्थित गन्ने के खेत में एक युवती का क्षत -विक्षत शव मिला। सिर और हथेली काटी गई थी। इसकी खबर से सनसनी फैल गई। शिकारपुर पुलिस ने गन्ने के खेत में सिर व हथेली की दो घंटे तक तलाश की। लेकिन, सफलता नहीं मिली। थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता में बताया कि अज्ञात शव अद्र्धनग्न था। प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला लग रहा है। उसकी पहचान की कोशिश जारी थी।
बताया गया कि सरेह में घास लेने गई कुछ महिलाओं ने पिपरा गांव निवासी बृजेश शुक्ला के गन्ने के खेत में क्षत- विक्षत शव देखा। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। लोगों ने कहा कि मंगलवार रात हत्या कर शव को सरेह में फेंक दिया गया। जहां शव मिला, वहां से कुछ दूरी पर बगल के खेत से शराब और भुजिया का पाउच मिला। आशंका है कि घटना को अंजाम देने से पहले या बाद में आरोपित ने नशापान किया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।