परीक्षा देने आई महिला की गोद से बच्चे को किया गायब, दो घंटे बाद मिला
शिकायत के बाद एक व्यक्ति को हिरासत में लिया दो घंटे के बाद बच्चे को लेकर पहुंचा उक्त व्यक्ति मची रही अफरातफरी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। अहियापुर के जगन्नाथ मिश्रा कॉलेज के निकट से बुधवार को परीक्षा देने पहुंची महिला की गोद से मासूम बच्चे को गायब कर दिया गया। इससे लगभग दो घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त रहा। दो घंटे के बाद मासूम को लेकर उक्त व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंचा। तब लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। वह शहर के पक्की सराय मोहल्ला का विष्णु रजक बताया गया है। उसके विरुद्ध बच्चे की मां ने पुलिस में लिखित शिकायत की है।
बताया गया कि बोचहां रामदास मझौली की खुशबू कुमारी जगन्नाथ मिश्रा कॉलेज में पार्ट-2 की प्रायोगिक परीक्षा देने बुधवार को 11 बजे पति मुकेश पंडित के साथ पहुंची। गोद में मासूम बच्चे का खूशबू लेकर खड़ी थी। उसके पति एडमिट कार्ड का फोटोस्टेट कराने चौक पर चले गए। इसी बीच विष्णु वहां पहुंचा। खुशबू से बातचीत करते हुए उसकी गोद से बच्चे को ले लिया। फिर कुछ ही देर में देखते-देखते वह बच्चे को लेकर गायब हो गया। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई। चौतरफा लोगों ने बच्चे की खोजबीन शुरू की, लेकिन बच्चा नहीं मिला। इसकी जानकारी कॉलेज के प्राचार्य से लेकर पुलिस को दी गई।
इस बीच खुशबू परीक्षा से भी वंचित हो गई। इस दौरान लगभग दो घंटे के बाद विष्णु अपनी पत्नी रितू देवी के साथ बच्चे को लेकर पहुंचा। इसके बाद लोगों में अचानक हर्ष व्याप्त हो गया। हालांकि घटना से आक्रोशित कुछ लोगों द्वारा विष्णु की पिटाई कर दी गई। इसके बाद पुलिस ने विष्णु को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस मामले में खुशबू देवी ने विष्णु रजक को नामजद करते हुए शिकायत दर्ज कराई। उधर, विष्णु रजक की पत्नी रितू देवी का कहना है कि उसका पति मानसिक रूप से विक्षिप्त है। जब बच्चे को लेकर पहुंचे तो तत्काल मैं साथ लेकर कॉलेज में पहुंची।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप