समस्तीपुर में रेल ओवरब्रिज के गड्ढ़े में मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी Samastipur News
Samastipur News समस्तीपुर के भगवानपुर चकसेखु वार्ड संख्या एक में NH-88 पर बन रहे रेल ओवरब्रिज पिलर के नीचे पानी से भरे गढ्ढे से एक युवक का शव मिला।
समस्तीपुर, जेएनएन। जिले के भगवानपुर चकसेखु वार्ड संख्या एक में रविवार की सुबह एनएच 88 पर बन रहे रेल ओवरब्रिज पिलर के पानी से भरे गढ्ढे से एक युवक का शव मिला। इससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर जुटे स्थानीय लोगों ने शव को पानी से बाहर निकाला। फिर पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष धरम पाल, दरोगा शिवकुमार त्रिपाठी व अनिल कुमार के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। युवक की पहचान भगवानपुर चकशेखु वार्ड एक निवासी बब्लू सदा के पुत्र विक्की कुमार (18) के रूप में की गई है। पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार की दोपहर घर से निकला था। देर रात तक घर नही लौटा। रात में खोजबीन किया पर कुछ पता नही चला। रविवार की सुबह पता चला कि विक्की का शव पानी में तैर रहा है। विक्की घर का इकलौता चिराग था। घटना के बाद से परिजनों का बुरा हाल है ।