समस्तीपुर में बोले तेजस्वी- बचपन में देखी थी फिल्म चाची 420, अब देख रहे चाचा 420
जितवारपुर व विभूतिपुर में चुनावी सभा को किया संबोधित। पूर्व मुख्यमंत्री मांझी ने कहा - विकास कार्य को देखकर कुछ लोगों के पेट में होने लगा था दर्द।
समस्तीपुर, जेएनएन। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव देश, संविधान, आरक्षण के साथ ही लालू प्रसाद को न्याय दिलाने वाला चुनाव है। इसके लिए सभी को एकजुटता दिखाते हुए लोकसभा चुनाव में अपना प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा कि बचपन में एक फिल्म देखी थी चाची 420, लेकिन अब यहां चाचा 420 देखने का मौका मिला है। न्याय आपके हाथ में है।
चूंकि हम किसी पार्टी और व्यक्ति को जिताने के लिए हम नहीं आए हैं, बल्कि देश और संविधान को बचाने के लिए अपील करने आए हैं। हमें जनता की अदालत पर पूरा भरोसा है। क्योंकि जनता की अदालत में तारीख पर तारीख नहीं दी जाती है। डायरेक्ट फैसला सुनाया जाता है। जबकि सरकार में बैठे लोगों को विकास और रोजगार नहीं, बल्कि कुर्सी से ही मतलब है।
वे मंगलवार को समस्तीपुर कॉलेज समस्तीपुर व और विभूतिपुर के तरुणिया मैदान में महागठबंधन के प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पिता को साजिश के तहत जेल भेजा गया। 10 दिन पूर्व रांची में उन्हें बीमार पिता से मिलने तक नहीं दिया गया। शराबबंदी की चर्चा करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज शराब की होम डिलवरी हो रही है। फिर काहे की शराबबंदी। चाचा इंजीनियर है इसलिए यहां भी इंजीनियङ्क्षरग दिमाग लगा दी है। 200 का बोतल 1500 रुपये में बिक रहा है। गरीब तार के पेड़ पर चढ़ कर महुआ निकाल रहा है तो उसे भी जेल भेज दिया जा रहा है।
यह नशामुक्ति के लिए नहीं, गरीबों को जेल में बंद करने की साजिश थी। सबसे ज्यादा तरस तो बिहार पुलिस पर आ रहा है। बिहार पुलिस अपराधी पकडऩे के बदले शराब पीने वाले को खोज रही है। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि मेरे कार्यकाल में जब विकास होने लगा तो कुछ लोगों के पेट में दर्द होने लगा। अपने आपको मुसहर का बेटा कहते हुए कहा कि तीन महीने ही काम किए थे कि उन्हें गद्दी से हटाकर गरीबों का अपमान किया गया है। इसका बदला लेना होगा।
उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। कहा कि महागठबंधन की सरकार बनते ही एक सप्ताह के अंदर लालू जी को न्याय दिलाया जाएगा। समस्तीपुर में अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष विनोद राय ने की, वहीं संचालन रंजन शर्मा ने किया। जबकि विभूतिपुर की सभा की अध्यक्षता गंगा प्रसाद यादव ने की।