Madhubani News : महमदपुर सामूहिक हत्याकांड के मृतकों के स्वजनों से मिलने पहुंचे तेजस्वी
बिहार विधान सभा में विरोधी दल के नेता तेजस्वी यादव मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत महमदपुर गांव में हुए सामूहिक हत्याकांड के पीडि़त परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए इसे सरकार प्रशासन की विफलता बताया और पीडि़त परिवारों के लिए न्याय की मांग की।
मधुबनी, जागरण संवाददाता। बिहार विधान सभा में विरोधी दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में कानून का राज नहीं, बल्कि सत्ता के संरक्षण में अपराधियों का शासन चल रहा है। बिहार में राक्षस राज है। रावण संगठन चलाया जा रहा है। प्रशासन को इस संगठन के संबंध में पता नहीं है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि सूबे में न्याय के साथ विकास हो रहा है, लेकिन महमदपुर का सामूहिक हत्याकांड सरकार, प्रशासन एवं भाजपा के विधायक व पूर्व मंत्री पर सवाल खड़े कर रही है। मुख्यमंत्री को इस घटना की जिम्मेवारी लेनी चाहिए। कहा कि सीएम व डीजीपी को घटना स्थल पर जाकर पीडि़त परिवार से मिलना चाहिए और उन्हेंं न्याय दिलाना चाहिए। वे मंगलवार को बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में हुए सामूहिक हत्याकांड के पीडि़त परिवारों से मिलने पहुंचे थे।
कहा- हत्याकांड सत्ता के संरक्षण व पुलिस की लापरवाही का परिणाम :
तेजस्वी ने कहा कि महमदपुर का सामुहिक हत्याकांड सत्ता के संरक्षण और पुलिस पदाधिकारियों के लापरवाही की देन है। कहा कि वर्तमान एसपी व डीएसपी जबतक यहां बने रहेंगे, तबतक पीडि़तों को न्याय नहीं मिलेगा। ऐसे पदाधिकारियों को तुरंत हटाना चाहिए। आगे से ऐसी घटना न घटे, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है। कहा कि मुख्य आरोपित के साथ पुलिस पदाधिकारियों की तस्वीरें सामने आई है। इसकी जांच होनी चाहिए।
रावण सेना को संरक्षण की हो जांच :
कहा कि पीडि़त सामुहिक हत्याकांड में अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप भाजपा विधायक पर लगा रहे हैं। पीडि़त परिवार सदमें में हैं। मुख्यमंत्री को आंख खोलकर न्याय देना चाहिए। रावण सेना को संरक्षण कौन दे रहे थे, इसकी जांच होनी चाहिए। बहुत दिनों से विवाद चल रहा था, जिसको लेकर परिवार वालों को बराबर डराया व घमकाया जा रहा था। कहा कि जहां कहीं भी अन्याय होगा वहां तेजस्वी व राजद पीडि़तों के साथ खड़ा होगा।
पीडि़त परिवार व इलाके को मिले सुरक्षा :
तेजस्वी यादव ने कहा कि पीडि़त परिवार व इलाके की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। सामुहिक हत्याकांड के मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के साथ ही पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक विनोद नारायण झा से पूछताछ होनी चाहिए। पीडि़त परिवार को सरकारी नौकरी मिले। मौके पर मधुबनी के नगर विधायक समीर महासेठ, पूर्व विधायक डॉ. फैयाज अहमद, पूर्व विधायक उमाकांत यादव, पूर्व सांसद लवली आनंद, पूर्व विधायक सीताराम यादव, राजकुमार यादव, पूर्व जिला परिषद राजेश यादव, श्याम कुमार सिंह, फुलहसन अंसारी, विजय चौधरी, मनोज महतो, प्रदीप प्रभाकर, वरूण यादव, सुधीर सहनी, कामेश्वर यादव, अमरेन्द्र चौरसिया, ललित सिंह, संतोष कुमार सुमन सहित राजद के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
महमदपुर गांव में उमड़ी लोगों की भीड़ :
राजद नेता तेजस्वी यादव के आने की सूचना फैलते ही महमदपुर गांव में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पीडि़तों के आंगन लोगों से ठसाठस् भरे रहे। तेजस्वी यादव को देखने के लिए लोग घरों की छतों पर धूप में खड़े रहे। इधर, पीडि़तों से मिलने के बाद तेजस्वी आक्रामक दिखे। घटना पर दुख जताते हुए इसके लिए स्पष्ट तौर पर स्थानीय पुलिस, बेनीपट्टी के भाजपा विधायक और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान बड़ी संख्या में राजद के नेता व कार्यकर्ता भी जुटे रहे। सुरक्षा को लेकर पुलिस बलों की तैनाती भी की गई थी।