Muzaffarpur Weather: उत्तर बिहार में बदला मौसम का मिजाज, अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से 3 दिनों तक पुरवा हवा एवं उसके बाद पछिया हवा चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 20 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मुजफ्फरपुर, जासं। उत्तर बिहार में लगातार दूसरे दिन भी मौसम बदला रहा। अधिकतर जिलों में हवा के साथ मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, बेमौसम बारिश से लोगों को अभी निजात नहीं मिलने वाली है। अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम के सामान्य होने की संभावना है। डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चलेगी। अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 20 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज
रामनगर। बीते रविवार से हो रही हल्की बारिश व हवा का सिलसिला सोमवार को भी जारी है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जिससे लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली है। हालांकि इससे कटी हुई धान की फसलों को नुकसान होने की संभावना बड़ गई है। अधिक बारिश होने की स्थिति में खेत से धान की फसल को लाना मुश्किल होगा। खेत में पककर तैयार धान की फसल को अब काटने में देरी भी होगी। तेज हवा के कारण इस फसल के खेत में ही गिरने की संभावना है। जिससे कृषकों को नुकसान होगा ।
बेमौसम बारिश से धान के फसल को क्षति
शनिचरी। योगापट्टी प्रखंड क्षेत्र में मौसम की बेरुखी से किसान परेशान हो गए हैं। रविवार को हुई हल्की बारिश तथा सोमवार को भी हल्की बारिश ने किसानों के होश उड़ दिए है। किसान संतोष तिवारी, सगीर आलम, उपेंद्र पांडेय, राजकुमार पांडेय, छोटा पांडेय, विजय पांडेय, आदि ने बताया कि धान की तैयार फसलों को काटना मुश्किल हो गया है। बारिश ने किसानों की ङ्क्षचता बढ़ा दी है। निचले खेतों में जल-जमाव के कारण फसल को काटना मुश्किल हो गया है। वहीं कटे हुए धान के फसल खेतों में सडऩे के कगार पर है।
बारिश में विभिन्न चौक-चौराहों पर जल-जमाव
अकसर शहर के निचले इलाके में बारिश के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। सोमवार की सुबह हुई बारिश से खुदाबक्स चौक, द्वारदेवी चौक, नया बाजार-गैस लाल चौक रोड सहित दर्जनों सड़कों की हालत बदत्तर दिखी। इस दौरान सड़कों पर बने गड्ढ़ों में पानी जमा हुआ मिला। जिससे सड़क से गुजरने वाले लोगों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं उज्जैन टोला से कमलनाथ नगर के कई मुहल्ले में जल-जमाव की स्थिति बनी रही।
20 अक्टूबर तक अलर्ट
बता दें कि मौसम विभाग के तरफ से बीते 17 अक्टूबर से लेकर आगामी 20 अक्टूबर तक के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम का रुख भी जारी अलर्ट के बाद से बदल गया है। जिससे सबसे अधिक ङ्क्षचतित किसान हीं हैं। इधर हल्की बारिश के कारण नगर के मुख्य सड़कों के किनारे सोमवार को जलजमाव का नजारा दिखाई दिया। सबुनी रोड, आंबेडकर चौक समेत अन्य जगहों पर कीचड़ व पानी के कारण राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि गनीमत यह थी कि बारिश लगातार नहीं हुई। रुक रुक कर बारिश होने से लोगों ने राहत की सांस ली। सोमवार का अधिकतम 30 व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया है। अनुमान यह भी लगाया जा रहा है कि इस बारिश के बाद से ठंड में इजाफा होगा। प्रभारी बीएओ प्रदीप कुमार तिवारी ने बताया कि फसलों को अभी क्षति नहीं है। कृषकों को बारिश के कुछ दिनों के बाद हीं धान की कटाई करानी चाहिए। बता दें कि प्रखंड व नगर में बाढ़ व बारिश के कारण कई एकड़ फसल पहले से बर्बाद हो चुके हैं। अब बची हुई फसल भी खेतों से घर तक आ पाएगी। इसमें भी संदेह है।