Muzaffarpur News: स्मार्ट सिटी में डेग-डेग पर गड्ढे, कदम-कदम पर हादसों को दावत
Muzaffarpur News शहर के कई ऐसे इलाके हैं जहां पक्की सड़कों को काटकर घर का पानी निकालने के नाला बना दिया जाता है। इससे सड़क पर जगह-जगह ठोकर बन जाते हैं।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। स्मार्ट सिटी में डेग-डेग पर गड्ढे खोद दिए गए हैं। कदम-कदम पर ठोकर बना दिए गए हैं। न किसी का भय और न ही कोई नियम-कायदा। संभल कर नहीं चले तो दुर्घटना होना तय है। इसके चलते 'ठोकर' से डेग-डेग पर वाहन चालकों को ब्रेक लगानी पड़ती है। इससे वाहनों को भी क्षति पहुंचती है। शहर के कई ऐसे इलाके हैं जहां पक्की सड़कों को काटकर घर का पानी निकालने के नाला बना दिया जाता है। इससे सड़क पर जगह-जगह ठोकर बन जाते हैं। कई लोग तो सड़क पर लोहे का पाइप बिछाकर उसके ऊपर ठोकर बना देते हैं। इससे सड़क पर हद कदम पर ठोकर दिखाई पड़ने लगते हैं।
वहीं सड़क बनते समय वाहनों की गति रोकने के लिए हर दस कदम पर ठोकर का निर्माण करा दिया जाता है। ये ठोकर लोगों के लिए जानलेवा बनते जा रहे हैं। कई लोगों ने तो घर या मोहल्ले का पानी निकालने के लिए पक्की सड़कों का काट दिया है। वह भी बिना नगर निगम से अनुमति लिए। सामाजिक कार्यकर्ता संजीव कुमार कहते हैं कि लोग जहां मन आया 'ठोकर' बना देते या फिर सड़क को खोद देते हैं। इसके लिए नगर निगम से पूछने की आवश्यकता नहीं समझते। इस बेवजह निर्माण से लोग चोटिल हो रहे हैं।
लोगों को यह पता नहीं कि बिना निगम की अनुमति सड़क काटना या ठोकर बनाना गैरकानूनी है। लोगों की ऐसी मनमानी पर रोक लगनी चाहिए। कोट सड़क काटने या उस पर ठोकर बनाने से पहले निगम की अनुमति लेना जरूरी है। बिना अनुमित ऐसा करने वालों पर जुर्माना लगाने का प्रावधान है। साथ ही उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाती है। - हीरा कुमारी, उपनगर आयुक्त