BRABU: पूरी सैलरी पर बनी सहमति, काम पर लौटे विवि के हड़ताली कर्मचारी Muzaffarpur News
सैलरी कटौती को लेकर कलमबंद हड़ताल पर थे विवि और कॉलेज के कर्मी। कर्मी बोले- अधिकारियों की गलती के लिए हम क्यों भुगतें सजा।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में सैलरी कटौती को लेकर कलमबंद हड़ताल कर रहे कर्मी वार्ता में लिखित आश्वासन मिलने के बाद बुधवार से कार्य पर लौट आए। इसके बाद विवि में कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो गया। दरअसल बीआरए बिहार विश्वविद्यालय और इसके क्षेत्राधिकार के कॉलेजों में कार्यरत कर्मियों की सैलरी से 25 फीसद राशि की कटौती का फरमान विवि प्रशासन की ओर से जारी किया गया था। इसके बाद कर्मियों ने नाराजगी जताई और पहले दो दिनों का सामूहिक कार्य बहिष्कार किया।
जब विवि के अधिकारियों ने वार्ता के लिए पहल नहीं किया तो कर्मचारियों ने कलमबंद हड़ताल की घोषणा की। कर्मी सोमवार को काला बिल्ला लगाकर विवि व कॉलेजों में पहुंचे। मंगलवार को विवि के अधिकारियों ने दो बार अतिथि गृह में कर्मचारियों से वार्ता करने का प्रयास किया और मौखिक आश्वासन भी दिया। इसके बाद भी कर्मी लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े थे। बुधवार को कुलसचिव और फाइनेंस अधिकरी ने जब कर्मचारियों को लिखित रूप में आश्वासन दिया कि उनकी सैलरी से राशि कटौती नहीं होगी। इसके बाद कर्मियों ने विवि में कार्य शुरू कर दिया।
बिहार राज्य विश्वविद्यालय-महाविद्यालय कर्मचारी संघ के प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष इंद्र कुमार दास ने कहा कि कर्मचारियों ने वेतन की पावती और अन्य दस्तावेज विवि में जमा करा दिया था। विवि की ओर से उसे आगे नहीं बढ़ाया गया। इसके बाद वेतन में कटौती का आदेश दिया गया। इसमें कर्मचारियों की ओर से गलती ही नहीं हुई तो वेतन से कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुलसचिव डॉ.आरके ठाकुर ने बताया कि कर्मचारियों को आश्वासन दिया गया है। सभी कर्मचारी हड़ताल से लौट गए हैं।