Muzaffarpur: त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को चुनाव होने तक विस्तारित करने पर सांसद व विधान पार्षद का बल
विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी से बिहार पंचायत चुनाव 2021 फिलहाल टलने की स्थिति बन गई है। समय पर चुनाव नहीं होने की स्थिति में त्रिस्तरीय पंचायत राज व्यवस्था के समक्ष संवैधानिक संकट पैदा हो जाएगा।
मुजफ्फरपुर, जासं। त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को चुनाव होने तक विस्तारित करने के लिए सांसद वीणा देवी व विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह ने कवायद शुरू की है। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री व पंचायती राज मंत्री को पत्र देकर चुनाव होने तक वर्तमान व्यवस्था जारी रखने की मांग की है। विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी से बिहार पंचायत चुनाव 2021 फिलहाल टलने की स्थिति बन गई है। समय पर चुनाव नहीं होने की स्थिति में त्रिस्तरीय पंचायत राज व्यवस्था के समक्ष संवैधानिक संकट पैदा हो जाएगा।
केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की अधिकतर योजनाएं जो पंचायतों के विकास से संबंधित है, उनके कार्यान्वयन में भी प्रशासनिक संकट पैदा होने की स्थिति है। कहा कि ऐसी अपरिहार्य स्थिति में बिहार सरकार को विधि सम्मत निर्णय लेना होगा ताकि त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था प्रभावी ढंग से गांव के विकास में पूर्ववत कार्य करती रहे। उन्होंने कहा कि मार्च माह से कोरोना महामारी के वजह से बहुत कार्य अपूर्ण है, जिसकी जिम्मेदारी त्रिस्तरीय पंचायती राज में जनप्रतिनिधियों से संचालित हो रही है जिसे काफी दिक्कतें हो जाएंगी। बिहार प्रदेश मुखिया महासंघ भी त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को चुनाव होने तक विस्तारित करने की मांग की है। वह इस मांग का समर्थन करते है।
सांसद वीणा देवी ने कहा कि बिहार के विकास में वर्तमान त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के जिला परिषद, पंचायत समिति, मुखिया, उप मुखिया एवं वार्ड सदस्य के योगदान बहुत ही सराहनीय है। इसलिए पंचायती राज व्यवस्था के तहत जनप्रतिनिधियों को प्राप्त अधिकार, शक्ति और कर्तव्य को बिहार पंचायत चुनाव 2021 के होने तक विस्तारित किया जाए।