डबल लाइन पर ट्रायल में गुमटी पर स्पॉटिंग चेक ट्रैक मिला गड़बड़
हाजीपुर से भगवानपुर के बीच गुरुवार को नई डबल लाइन पर रफ्तार का ट्रायल लिया गया।
मुजफ्फरपुर। हाजीपुर से भगवानपुर के बीच गुरुवार को नई डबल लाइन पर रफ्तार का ट्रायल लिया गया। इस दौरान हाजीपुर से भगवानपुर तक अप नई डबल लाइन पर 90 किमी प्रतिघंटा व डाउन लाइन पर 120 किमी प्रति घंटा से ट्रायल किया गया। रेलवे गुमटी संख्या 41 पर स्पाटिंग रेल चेक लाइन गड़बड़ मिली। इस पर अधिकारी ने नाराजगी जताई। चीफ इंजीनियर (ट्रैक) ने संबंधित अधिकारी को चेक लाइन ठीक कराने का आदेश दिया। ट्रायल के बाद अप नई डबल लाइन पर ट्रेनों का गति बढ़ जाएगी। इस पर ट्रेन 75 के बदले 90 किमी प्रति घंटा से चलेगी। डाउन लाइन पर 110 किमी प्रति घंटा से ट्रेन चलेगी। चीफ इंजीनियर ने कहा कि हाजीपुर से भगवापुर के बीच 120 किमी प्रति घंटा की रफ्तार का ट्रायल किया गया। भगवानपुर से हाजीपुर के बीच नई लाइन पर रफ्तार कम हो गई। रेलवे गुमटी पर कमियां मिली हैं। उन्हें तुरंत ठीक कराने का आदेश दिया गया है। मौके पर डीएन थ्री धर्मेंद्र कुमार, यातायात निरीक्षक नवीन कुमार, सहायक अभियंता व गोरौल के पीडब्ल्यूआइ समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
टूटे ब्रेक बॉक्स पर दौड़ती रही मालगाड़ी, टला हादसा : नरकटियागंज रेलमार्ग पर गुरुवार को बगहा की ओर से आने वाली मालगाड़ी टूटे ब्रेक बॉक्स पर दौड़ती रही। इससे हादसा होने से बाल-बाल बच गई। सूचना मिलने पर कोचिंग डिपो के कर्मियों व गार्ड ने टूटे ब्रेक बॉक्स की तार से बांधकर मरम्मत की। इस दौरान काफी देर तक वह रुकी रहीं। मरम्मत के बाद समस्तीपुर की ओर मालगाड़ी को रवाना किया गया। जानकारी के अनुसार नरकटियागंज रेलमार्ग पर बगहा की ओर से मालगाड़ी चलती रही। रास्ते में पहिया से सटा ब्रेक बॉक्स टूटकर लटक गया। कर्मियों ने जांच भी नहीं की। उसी स्थिति में मालगाड़ी मुजफ्फरपुर पहुंच गई। यहां गार्ड की तैनात की गई। उन्होंने सभी वैगन की जांच की तो पीछे वाले वैगन का ब्रेक बॉक्स लटका मिला। इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। कर्मियों ने कहा कि पहिया में ब्रेक सटा रहता है। इसके साथ एक बॉक्स लगा रहता है। बॉक्स के टूटकर लटकने से रास्ते में हादसा हो सकता था।