निगम के सर्किल इंस्पेक्टर के पुत्र का लीची बगान में मिला शव
नशीला पदार्थ खाने से मौत की आशंका। पत्नी और पुत्री को छोड़ देर रात अकेला निकला था घर से। परिजन ने कराया यूडी केस पुलिस कर रही छानबीन।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। नगर निगम के सर्किल इंस्पेक्टर के पुत्र की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव शुक्रवार की सुबह खबड़ा स्थित एक लीची बगान में मिला। सूचना पर परिजन ने पहुंचकर उसकी पहचान की और अपने साथ लेकर घर चले गए। सदर थाने की पुलिस मृतक के घर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक प्रिंस के पिता निगमकर्मी मदन प्रसाद सिंह के बयान पर यूडी केस दर्ज किया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद में खुदकशी करने की बात सामने आई है। थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
खुदकशी और हत्या की बिंदु पर जांच
पुलिस हत्या और खुदकशी दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। मृतक के मोबाइल का कॉल डिटेल्स भी खंगाला जा रहा है। उसके परिजन कुछ बताने से परहेज कर रहे हैं। पीडि़त परिवार मूल रुप से वैशाली के सराय थाना के परबौधी गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में भिखनपुरा स्थित महाराण प्रताप नगर में मकान बनाकर रहे हैं। मृतक कुछ दिनों पूर्व रामदयालू स्टेशन के समीप एक श्रृंगार की दुकान खोला था।
खाना खाकर टहलने निकला था
गुरुवार की देर रात खाना खाने के बाद वह टहलने की बात बोलकर घर से निकला था। कई घंटे बाद भी घर नहीं लौटा तो परिजन चिंतित होकर खोजबीन करने लगे। शुक्रवार की सुबह उसका शव लीची बगान में मिलने का पता चला। शरीर पर किसी तरह का निशान प्रारंभिक जांच में नहीं मिला है।
नशीला पदार्थ खाने की आशंका
मृतक के मुंह से नशीला पदार्थ खाने की महक आ रही थी। पुलिस आशंका जता रही है कि नशीला पदार्थ खाने से उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही इसका पता लगेगा। परिजन ने बताया कि प्रिंस की शादी दो साल पूर्व हुई थी। सवा साल की एक पुत्री है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।