सीतामढ़ी स्थित परसौनी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में डकैती
Sitamarhi Dacoity अपराधियों ने घर का फाटक हथियार से काट डाला। इसके बाद मालकिन मंतोरन देवी को अपने कब्जे में ले लिया। उनको धारदार हथियार का भय दिखाकर रुपये-पैसे और गहने ले लिए। जाते हुए बरामदे में बंधी बकरियां भी उठा ले गए।

सीतामढ़ी, जासं। जिले के परसौनी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में गुरुवार देररात स्व. महादेव साह के घर डकैतों ने धावा बोला। महादेव साह के परिवार की हैसियत हालांकि डकैती लायक नहीं है बावजूद उनके घर में टाटा सूमो गाड़ी से छह से आठ डकैतों ने धावा बोला। घर का फाटक हथियार से काट डाला और अंदर प्रवेश कर मालकिन मंतोरन देवी को अपने कब्जे में ले लिया। उनको धारदार हथियार दिखा रुपये-पैसे और गहने वगैरह देने के लिए डराया-धमकाया। बारह-पंद्रह हजार रुपये उनसे कैश लूट लिए।
संपत्ति के नाम पर कुछ नहीं मिली तो बरामदे में बंधी बकरियाें को उठाकर सूमो गाड़ी पर लाद लिया। जाते-जाते धमकी दे गए कि हो-हल्ला करोगी तो जान से मार देंगे। सूमो गाड़ी रीगा की तरफ गई। भगवानपुर के निवासी रामबहादुर साह, जयबहादूर साह, पवन साह ने रीगा तक डकैतों का पीछा किया। उन लोगों ने कहा कि रीगा थाना पुलिस पकड़ी गांव में गश्ती पर थी। रीगा थाना पुलिस का डकैतों की सूमो गाड़ी से सामना भी हुआ। शायद पुलिस समझ नहीं पाई कि वो डकैत ही थे। हालांकि, रात में गाड़ी पर सवार आधा दर्जन से अधिक लोगों और बकरियों के होने से पुलिस को संदेह जरूर करना चाहिए था और रोक-टोककर पूछताछ करनी चाहिए थी। मगर ऐसा नहीं होने से हाथ आए डकैत फरार होने में कामयाब रहे। परसौनी थाना पुलिस अभी तक इस घटना के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं बोल पाई है। उसका कहना है कि छानबीन चल रही है।
शराब की होम डिलीवरी में कल्याणी से गिरफ्तार
जासं, मुजफ्फरपुर : नगर थाने की पुलिस ने कल्याणी केदारनाथ रोड इलाके से शराब की होम डिलीवरी में अहियापुर शिवराहा चतुर्भुज के साहिल को गिरफ्तार किया है। उसके बैग से करीब सात लीटर शराब जब्त की गई। पूछताछ में पता चला कि वह शराब की होम डिलीवरी करने जा रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कई जगहों पर छापेमारी की, मगर किसी और की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
Edited By Ajit Kumar