शरद यादव ने कहा- देश को सुरक्षित रखना है तो भाजपा को हराओ
पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कहा- संविधान और आरक्षण दोनों पर है खतरा। मुकेश सहनी ने युवाओं को रोजगार नहीं देने का लगाया मोदी सरकार पर आरोप।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। महागठबंधन के नेता सह पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने कहा कि देश को सुरक्षित रखना है तो भाजपा को हराओ और देश बचाओ। राज्य की 11 करोड़ जनता ने इसकी शुरुआत कर दी थी। लेकिन कस्मे-वादों को तोड़ते हुए नीतीश कुमार ने फिर भाजपा का दामन थाम लिया, जिससे देश बहुत बड़े संकट में आ गया है। इस बात को जनता अच्छी तरह समझ रही है।
वे चिरैया प्रखंड के महंत जयनारायण पुरी माध्यमिक विद्यालय सिरौना के परिसर में मंगलवार को शिवहर के राजद प्रत्याशी फैसल अली के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी एवं अमित शाह के अंहकार ने पार्टी को कीचड़ में तब्दील कर दिया है। कहा- नीतीश कुमार कहते थे कि मर जाएंगेे मिट जाएंगे, पर भाजपा से हाथ नहीं मिलाएंगे। मगर नीतीश कुमार पलटी मार गए।
इस क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि मोदी सरकार से संविधान और आरक्षण दोनों पर खतरा है। इन्होंने संवैधानिक संस्थाओं को अपने उद्देश्य को लेकर बौना बना रखा है। न्यायालय में दलित, महादलित एवं पिछड़ा वर्ग को आरक्षण देने के बजाए वहां हकमारी की जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को साजिश के तहत फंसाया गया है। महागठबंधन की सरकार बनी तो गरीब, शोषितों व युवाओं के हित में कार्य किया जाएगा।
वहीं, वीआइपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी ने घोषणा किया था कि प्रत्येक वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे। लेकिन पांच साल बीत जाने के बाद भी ऐसा नहीं हो सका। मोदी सरकार पूंजीपतियों की सरकार बनकर रह गई है। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनाने के लिए राजद प्रत्याशी फैसल अली के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष सुरेश यादव ने की। मौके पर शिवहर प्रत्याशी फैसल अली, पूर्व विधायक लक्ष्मीनारायण यादव, मनोज कुमार ङ्क्षसह एवं शिवजी राय, जिला पार्षद नसीम अख्तर, जमील अख्तर, ज्योति ङ्क्षसह, ध्रूपलाल मांझी, संजीव सिंह आदि ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप