टॉप क्लास बनेगा मुजफ्फरपुर रेलवे जंक्शन, लगेंगे उच्च स्तरीय सुरक्षा उपकरण
सुरक्षा के लिए 202 स्टेशनों की सूची में मुजफ्फरपुर भी शामिल। लगेंगे मेटल डिटेक्टर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और लगेज स्कैनर। जांच के लिए यात्रियों को 20 मिनट पहले पहुंचना होगा स्टेश
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। स्थानीय जंक्शन पर मेटल डिटेक्टर, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और लगेज स्कैनर लगाया जाएगा। जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था टॉप क्लास की होगी। नई सुरक्षा व्यवस्था के तहत इसे विकसित करने की कवायद शुरू कर दी गई है। सोनपुर मंडल के डीआरएम अनिल कुमार गुप्ता ने जंक्शन के निरीक्षण के बाद उपरोक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकुलेटिंग एरिया के बाहरी परिसर के मुख्य द्वार व दक्षिण छोर में मेटल डिडेक्टर लगाया जाएगा। जंक्शन परिसर में प्रवेश करने के दौरान उपकरण के अंदर से वाहन व यात्रियों को आना है। इस व्यवस्था के तहत यात्रियों को ट्रेन छूटने से 20 मिनट पहले जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा।
रेलवे बोर्ड ने विशेष सुरक्षा के लिए एयरपोर्ट के पैटर्न पर स्टेशन पर जांच की व्यवस्था तैयार की है। पहले चरण में विशेष सुरक्षा के इंतजाम के लिए 202 स्टेशनों की सूची जारी की गई है। पहले चरण में पूर्व मध्य रेलवे के मुजफ्फरपुर, पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर, मुगलसराय, समस्तीपुर, रक्सौल और धनबाद को शामिल किया गया है। इन सभी जंक्शनों पर हाई लेवल सिक्योरिटी इक्विपमेंट लगाए जाएंगे। इसके माध्यम से विशेष सुरक्षा होगी।
इसके साथ ही जंक्शन परिसर में गलत तरीके से खोले गए इंट्री एग्जिट प्वाइंट को बंद किया जाएगा। मुजफ्फरपुर जंक्शन की घेराबंदी होगी। इससे अनावश्यक प्रवेश पर नजर रहेगी। जंक्शन से निकलने के लिए यात्रियों को लूप रास्ते के बदले मेन गेट से निकलना होगा। बिना टिकट वाले यात्री प्रवेश नहीं कर सकेंगे। डीआरएम ने बताया कि नई व्यवस्था से जंक्शन पर विशेष सुरक्षा होगी। जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप