Samastipur: विषम परिस्थिति में भी समस्तीपुर रेल मंडल ने बनाया रिकार्ड, पढ़ें पूरी रिपोर्ट
समस्तीपुर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2020 - 21 में माल लोडिंग तथा अनलोडिंग के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मक्के की लदान से मिली लोडिंग-अनलोडिंग में सफलता। पीपीपी मॉडल के तहत देसुआ स्टेशन बना माल गोदाम।
समस्तीपुर, जागरण संवाददाता। समस्तीपुर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2020-21 में माल लोडिंग तथा अनलोडिंग के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। कोविड-19 काल की विषम परिस्थितियों में भी मंडल के कर्मचारियों, अधिकारियों एवं माल व्यापारियों ने एक टीम की तरह कार्य करते हुए वित्तीय वर्ष 2020-21 में 6963 रैकों की अनलोडिंग की जो वित्तीय वर्ष 2019-20 (4741 रैक) की अपेक्षा 46.8 प्रतिशत अधिक है। इसी प्रकार वित्तीय वर्ष 2020-21 में मक्का की 171 रैक, चीनी की 40 रैक, धान की 18 रैक एवं चावल की 8 रैक सहित कुल 237 रैकों की लोडिंग की गई तथा विभिन्न गंतव्यों तक भेजा गया। रेल मंडल में पहली बार नए माल यातायात के रूप में धान एवं चावल की लोडिंग की गई तथा रामगढ़वा में ऑटोमोबाइल की अनलोडिंग की गई।
मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा अर्जित की गई प्रमुख उपलब्धियां
मंडल में 59.86 लाख यात्रियों के परिवहन से 239.69 करोड़ रुपये की आय अर्जित हुई। जबकि वर्तमान में केवल विशेष गाड़ियों का परिचालन हो रहा है। कम संख्या में यात्री गाड़ियों के परिचालन होने के बावजूद भी मंडल ने उपरोक्त आय अर्जित करने में सफलता पाई। इसी प्रकार इस वित्तीय वर्ष में माल आय के रूप में 132.94 करोड़, अन्य कोचिंग आय के रूप में 5.63 करोड़, सन्ड्री आय के रूप में 3.42 करोड़ अर्जित हुए।
पीपीपी माॅडल पर माल गोदाम का विकास
रेल मंडल के भगवानपुर देसुआ स्टेशन को ग्रीन फिल्ड इनवेस्मेंट के तहत पीपीपी माॅडल के अंतर्गत माल गोदाम के विकास एवं रख-रखाव के लिए चुना गया। मंडल में पहली बार ऑनलाइन निविदा पद्वति के द्वारा 36 मल्टीपर्पस स्टॉल का ठेका आवंटन किया गया।
बकाये का हुआ निस्तारण
विभिन्न मदों में लंबे समय से चल रहे बकायों का निस्तारण करवाते हुए 4.17 करोड़ रुपये वसूल किए गए। विषम परिस्थितियों के बावजूद भी मंडल द्वारा प्राप्त उपलब्धियों पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सरस्वती चन्द्र एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रुपेश कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अशोक माहेश्वरी के कुशल मार्गदर्शन में समस्तीपुर मंडल यात्रियों को बेहतर यात्री सुविधा देने के साथ-साथ रेल राजस्व अर्जन हेतु भी प्रतिबद्ध है।