समस्तीपुर पंचायत, मुखिया चुनाव 2021: कड़ी सुरक्षा के बीच पटोरी और विद्यापतिनगर में डाले जा रहे वोट
हर स्थिति से निबटने के लिए प्रशासन ने कसी कमर। पटोरी एवं विद्यापतिनगर में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू। पटोरी प्रखंड के जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्र संख्या 18 से 7 और 19 से 8 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होने वाला है।
समस्तीपुर, जासं। पटोरी और विद्यापतिनगर में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ है। पटोरी प्रखंड के 178 मतदान केंद्रों मतदान शुरू हुआ है। पटोरी प्रखंड में कुल 1579 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होने वाला है। इसमें से पुरुष उम्मीदवारों की संख्या 649 तथा महिला उम्मीदवारों की संख्या 930 है। इस बार के मतदान में महिलाएं बड़ी संख्या में अपना भाग्य आजमा रही हैं। पंचायत समिति सदस्य के लिए कुल 176 प्रत्याशियों में पुरुष 63 तथा महिलाओं की संख्या 113, मुखिया के 157 उम्मीदवारों में पुरुष 77 और महिला 80, वार्ड सदस्य के 840 प्रत्याशियों में 368 पुरुष तथा 472 महिलाएं, सरपंच के 100 प्रत्याशियों में 47 पुरुष और 53 महिलाएं, पंच के 306 पदों में 94 पुरुष और 212 महिलाएं अपनी किस्मत आजमा रही हैं। पटोरी प्रखंड के जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्र संख्या 18 से 7 और 19 से 8 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होने वाला है।
विद्यापतिनगर में 1704 उम्मीदवारों के भाग्य का होना है फैसला
विद्यापतिनगर प्रखंड में भी पंचायत चुनाव शुरू हुआ है। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध किया गया है। प्रखंड के कुल 443 पदों के लिए एक लाख आठ हजार एक सौ अड़तालीस महिला पुरुष मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें सभी 1704 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद हो जाएगा। जिसकी सुरक्षा के लिए प्रखंड स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसका मोबाइल नंबर 9065594491 बताया गया है। बीडीओ सह आरओ प्रकृति नयनम ने बताया की प्रखंड को 14 सेक्टर में बांटा गया है। साथ ही दो नोडल पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है ताकि कोई कठिनाई नहीं हो। वहीं उम्मीदवार और उनके समर्थक भी अपने-अपने पंचायत में वोटरों को अपने पक्ष में करने में कोई हथकंडा छोड़ नहीं रहे है।