मधुबनी में 'मिड-डे-मील' में छिपकली मिलने पर हंगामा, स्कूल छोड़ भागे शिक्षक Madhubani News
मधुबनी जिले के मधेपुर प्रखंड के प्रसाद गांव स्थित मध्य विद्यालय की घटना। बच्चों को अस्पताल में कराया गया भर्ती सभी सुरक्षित। स्कूल के सभी शिक्षक पिटाई के भय से भाग गए।
मधुबनी, जेएनएन। मधेपुर प्रखंड के प्रसाद गांव स्थित मध्य विद्यालय में मिड डे मील में छिपकली मिलने पर अभिभावकों ने हंगामा किया। स्कूल के सभी शिक्षक पिटाई के भय से भाग गए। सूचना पर पहुंचे पदाधिकारियों ने एहतियात के तौर पर बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया है। स्कूल में अभिभावकों एवं ग्रामीणों की भीड़ लग गई है। थानाध्यक्ष व बीडीओ वहां शांति बहाल करने का प्रयास कर रहे हैं।
बताया जा रहा कि स्कूल में एक पंक्ति में करीब 25 बच्चे खाना खा रहे थे। इस बीच एक लड़के ने भोजन में गिरगिट देखी। इसकी जानकारी अन्य बच्चों को भी दे दी। इसके बाद शिक्षकों ने बच्चों को खाना से उठाकर करीब डेढ़ घंटे तक स्कूल में बिठाए रखा। ताकि, किसी की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल भेजा जा सके। इस बीच एक बच्चा जिसने खाना नहीं खाया था, घर जाकर इसकी जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही अभिभावक व ग्रामीण विद्यालय पर पहुंच कर हंगामा करने लगे। स्थिति भयावह होते देख सभी शिक्षक वहां से भाग गए। सूचना पर थानाध्यक्ष व बीडीओ पहुंचे। बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां सभी को भर्ती कर लिया गया है। चिकित्सकों ने बच्चों को सुरक्षित बताया है।