Muzaffarpur सरैया प्रखंड मुख्यालय से सटे दो घरों में डाका, खुद को पुलिस बता घुसे डकैत; गृहस्वामी को किया घायल
मुजफ्फरपुर के सरैया की घटना। पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की चकमा देकर भाग निकला। महिलाओं के कान से बाली व गले से चैन छीनी पेटी तोड़ नकदी व जेवरात लूटे।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सरैया प्रखंड मुख्यालय से सटे दो घरों में राड व डंडों से लैस डकैतों ने गृहस्वामी पर हमला कर लूटपाट की। डकैतों ने दो घरों को निशाना बनाया। बताते हैं कि बीती रात आधा दर्जन डकैत पंकज चौरसिया के घर मे घुस गए और राड व डंडों से हमला बोल दिया। इसमें दो महिलाएं व दो पुरुष को जख्मी हो गए। महिलाओं के कान से बाली व गले से चैन छीन ली। वहीं घर में घुसकर पेटी तोड़कर नकदी व अन्य जेवरात लेकर फरार हो गए। इसी तरह सुरेश भगत के घर में घटना को अंजाम दिया गया।
डकैतों ने मारपीट कर महिला के कान व नाक के जेवरात छीन लिए। शोर-गुल होने के बाद डकैत फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान करीब तीन लाख की संपत्ति डकैत लूट ले गए। दारोगा दिनेश सिंह ने कहा कि श्वान दस्ता से जांच की जा रही है। पीडि़तों ने बगल के मुशहर टोली के एक संदिग्ध की पहचान की गई है। पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया है।
पुलिस बता घर में घुसे डकैत
डकैतों ने जब सुरेश भगत के घर पर धावा बोला तो बताया कि सरैया पुलिस है। हल्ला मत करो तुम शराब बेचते हो। घर की जांच करेंगे। सुरेश कुछ समझता तब तक डकैतों ने उसे बंधक बना लिया। पेट मे लोहे की राड घुसाने की बात कहकर उनसे घर में रखे 15 हजार रूपये ले लिए। इसके बाद महिला के कान व नाक से जेवरात छीन लिए। पिटाई कर सभी फरार हो गए। बगल के मुशहर टोली में डकैतों के छिपने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। वहां से एक संदिग्ध पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।