शिवहर में स्वर्ण व्यवसायी के घर डकैती, लाखों की लूट, दहशत फैलाने के लिए किया बम विस्फोट
Sheohar Crime News शिवहर के पिपराही थाना क्षेत्र अंतर्गत कमरौली गांव की घटना । दहशत फैलाने के लिए बम विस्फोट विरोध करने पर गृहस्वामी को पीटा। एक हिरासत में पिपराही थाना के कमरौली गांव की घटना ।
शिवहर, जेएनएन। जिले के पिपराही थाना क्षेत्र अंतर्गत कमरौली गांव में शनिवार की रात सशस्त्र डकैतों ने सराफा सह बर्तन व्यवसायी सुरेंद्र साह उर्फ सुरेंद्र सोनी के घर धावा बोलकर नगदी और जेवरात समेत लाखों की संपत्ति लूट ली। डकैतों ने गृहस्वामी की पत्नी के शरीर से गहने उतरवा लिए। विरोध करने पर व्यवयसायी को बंधक बना पिटाई भी की। धारदार हथियार से उसका सिर फोड़ दिया। आम्र्स के बल पर गृहस्वामी समेत स्वजनों को बंधक बना डकैतों ने तकरीबन आधे घंटे तक लूटपाट की। गृहस्वामी के शोर मचाने के बाद तीन बम विस्फोट कर डकैत भाग निकले। बाद में स्थानीय लोगों ने जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पिपराही थानाध्यक्ष अवधेश कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पिपराही थाने की पुलिस ने घटना की जांच की। वहीं एसडीपीओ राकेश कुमार ने भी घटना स्थल का जायजा लिया। इस दौरान श्वान दस्ते की मदद ली गई। श्वान दस्ते की निशानदेही पर पुलिस ने गांव के ही एक शातिर को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ जारी है।
कारोबारी सुरेंद्र साह के अनुसार रात साढ़े बारह बजे एक डकैत पहले घर में घुसा। इसके बाद चार-पांच अन्य डकैत भी घर में घुस गए। घुसते ही सभी मिलकर उनकी पिटाई करने लगे। शोर मचाने पर हथियार का भय दिखा बंधक बना लूटपाट की। बाहर भी कई डकैत खड़े थे। बताया कि 75 हजार नगदी के अलावा लाखों के जेवरात लूट डकैत भाग निकले। उधर, थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि मामले की तहकीकात जारी है।