मधुबनी के फुलपरास में एक घर में डाका, 50 हजार नकद सहित जेवरात की लूट, दो घायल Madhubani News
डकैतों ने गृहस्वामी और उनकी पत्नी पर धारदार हथियार से किया हमला। 50 हजार रुपये सहित जेवरात लूट ले गए। गृहस्वामी की पत्नी दरभंगा के आरबी मेमोरियल हॉस्पिटल के आइसीयू में भर्ती।
मधुबनी, जेएनएन। जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र के खोपा गांव में नूनू बाबू कृपानाथ पाठक महाविद्यालय, खोपा में लिपिक पद पर कार्यरत रंजन मिश्र के घर गुरुवार रात डकैतों ने धावा बोला। गृहस्वामी और उनकी पत्नी को घायल कर डकैत 50 हजार नकद के साथ आभूषण लूट कर ले गए। गुरुवार देर रात डकैतों ने रंजन मिश्र के घर की चहारदीवारी फांदकर घर में प्रवेश किया और गृहस्वामी और उनकी पत्नी मनोरमा मिश्र पर धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया। अपराधी रंजन मिश्र के पुत्र प्रशांत मिश्र के विषय में भी पूछ रहे थे, जिनकी खोपा चौक पर दवा की दुकान है। वारदात के वक्त प्रशांत दुकान पर ही थे।
डकैतों ने करीब आधे घंटे तक घर में उत्पात मचाया। सभी कमरों की आलमारी, बक्सों, ट्रंकों को तोड़ तलाशी ली और कीमती सामान लूटे। अभी तक 50 हजार नकद सहित रंजन मिश्र की मां के कान के टॉप्स और बाजूबंद ले जाने की स्पष्ट जानकारी है। इसके अतिरिक्त कितने आभूषण और अन्य सामान डकैत ले गए हैं, इसकी जानकारी गृहस्वामी की पत्नी मनोरमा मिश्र से ही हो सकता है। जिनको अभी दरभंगा के आरबी मेमोरियल हॉस्पिटल के आइसीयू में भर्ती कराया गया है। वहीं घायल रंजन मिश्र का इलाज गांव में ही किया गया है। फुलपरास एसडीपीओ सुनीता कुमारी और पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष महफूज आलम ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप