बाढ़ राहत को लेकर किया सड़क जाम
जिले के गायघाट सिवाईपट्टी व मनियारी में बाढ़ पीड़ितों ने राहत को लेकर सड़क जाम कर हंगामा किया।
मुजफ्फरपुर : जिले के गायघाट, सिवाईपट्टी व मनियारी में बाढ़ पीड़ितों ने राहत को लेकर सड़क जाम कर हंगामा किया। बेनीबाद ओपी क्षेत्र के हनुमान नगर चौक पर ग्रामीणों ने राहत सामग्री को लेकर एनएच 57 जाम कर यातायात बाधित कर दिया। बताया जा रहा है कि लक्ष्मण नगर पंचायत के अधिकतर घरों में 10 दिनों से बाढ़ का पानी भरा हुआ है। अधिकतर लोग सड़क व ऊंचे स्थानों पर खुले आसमान के नीचे दिन रात बिताने पर विवश हैं। बारिश की आशका को देखते हुए बाढ़ पीड़ितों का सब्र का बाध टूट गया और तिरपाल व पॉलिथिन शीट की माग को लेकर उग्र हो गए। मौके पर पहुंचे मुखिया पति श्याम सुन्दर साह के साथ नोकझोंक भी हुई। सूचना पर पहुंचे बेनीबाद ओपी प्रभारी राजकुमार, गायघाट थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने आक्रोशित बाढ़ पीड़ितों को समझा कर सड़क से जाम हटवाया। सिवाईपट्टी : थाना क्षेत्र के करचौलिया चौक पर बाढ़ पीड़ितों ने रानीखैरा पंचायत की मुखिया व मुखिया पति के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया। करीब दो घंटे के बाद ग्रामीणों की मदद से सड़क जाम हटाया गया। पीड़ितों ने बताया प्रखंड क्षेत्र के सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मुखिया द्वारा पीड़ितों को सामुदायिक किचन, चूड़ा-गुड़ एवं त्रिपाल दिया गया है। लेकिन, हमलोगों को इससे वंचित किया जा रहा है। मनियारी : रतनौली पंचायत के बाढ़ पीड़ितों ने शुक्रवार को राहत वितरण नहीं होने पर हंगामा किया। स्थानीय भोला सहनी व सुभाष कुमार सहनी ने कुढ़नी प्रखंड प्रशासन से अविलंब बाढ़ पीड़ितों के बीच चूड़ा-गुड़ व पॉलिथिन शीट वितरण करने की माग की है।