RJD Gareeb Adhikaar Divas : पूरे उत्तर बिहार में राजद नेताओं ने थाली बजाकर सरकार की नीतियों का किया विरोध
मनाया गरीब अधिकार दिवस। नेताओं ने आरोप लगाया कि सीएम की गलत नीतियों के चलते बिहार में प्रवासी मजदूरों का मजाक बन गया।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। राष्ट्रीय जनता दल की ओर से रविवार को गरीब अधिकार दिवस मनाया जा रहा है। मुजफ्फरपुर समेत पूरे उत्तर बिहार में शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने घरों के पास थाली एवं कटोरी बजाकर सरकार की नीतियों का विरोध किया। गरीब अधिकार दिवस मनाया।
उन्होंने बिहार में नीतीश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी गलत नीतियों के चलते बिहार में प्रवासी मजदूरों का मजाक बन गया। क्वारंटाइन सेंटर की हालत बदतर है। सरकार की विफलता को लेकर राजद ने पूरे बिहार में गरीब अधिकार दिवस मनाए जाने का निर्णय लिया था। इसकी शुरुआत पार्टी कार्यालय के समक्ष थाली एवं कटोरी बजाकर की गई। पार्टी नेता बाद में सभी मुद्दों को जनता के समक्ष ले जाएंगे।
भाजपा के जन संवाद का विरोध
मुजफ्फरपुर में भी राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं ने जिला परिषद मार्केट के पास थाली, कटोरा व ग्लास बजाकर "गरीब अधिकार दिवस" मनाया। जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता ने बताया कि जिले 16 प्रखंडों के सभी पंचायतों में राजद के विधायक, पूर्व विधायक, प्रखंड अध्यक्ष सहित सभी कार्यकर्ताओं ने थाली पीटकर भाजपा के जन संवाद का विरोध जताया।उन्होंने बिहार सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी गलत नीतियों के चलते बिहार में प्रवासी मजदूरों को कोई सुविधा नहीं मिल रही है। क्वारंटाइन सेंटर की हालत बदतर है। जनता की कोई सुन नहीं रहा। सरकार हर मोर्चे पर विफल हो गई है। मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह, महासचिव निरंजन राय, जिला प्रवक्ता वसीम अहमद मुन्ना आदि मौजूद थे।
समस्तीपुर में पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सहनी का कहना है कि बिहार में जनता की कोई सुन नहीं रहा। सरकार इस दौर में हर मोर्चे पर विफल हो गई है। इस मौके राजद से उजियारपुर विधायक आलोक मेहता और समस्तीपुर विधायक अख्तरूल इस्लाम शाहीन ने थाली बजाई। इसके अलावा जिलाध्यक्ष ने अपने आवास पर कार्यक्रम रखा था।
वहीं सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर में स्थानीय विधायक मंगीता देवी व राजद के राज्य परिषद सदस्य भारत भूषण यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाली बजाई। शहर के महेसौच चौक पर गरीब अधिकार दिवस के मौके पर राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष मो. शफीक खान के नेतृत्व में थाली पीटते कार्यकर्ता।