Valmiki Tiger Reserve: VTR के जंगल में मिला 'तक्षक' नाग, बगीचे के समीप बाघ ने जमाया डेरा
Valmiki Tiger Reserve News VTR के वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र में दुर्लभ प्रजाति का सांप मिला।वीटीआर के फील्ड बायोलॉजिस्ट सौरभ वर्मा के अनुसार इसे तक्षक नाग है। देखें तस्वीर..
वाल्मीकिनगर (पचं), जेएनएन। Valmiki Tiger Reserve News: जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध सूबे के इकलौते वाल्मीकि टाइगर रिजर्व ( वीटीआर) के वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र में दुर्लभ प्रजाति का सांप मिला। वीटीआर के फील्ड बायोलॉजिस्ट सौरभ वर्मा के अनुसार इसे तक्षक नाग या ओरिएंट फ्लाइंग स्नैक कहा जाता है। आमतौर पर यह पहाड़ी क्षेत्रों में मिलता है। वीटीआर में इसका मिलना सुखद है। बताया कि वाल्मीकिनगर वन कार्यालय के बैरक से लगातार फुफकार की आवाज आ रही थी। वन कर्मियों ने बैरक में प्रवेश किया तो सांप को देख सहम गए। मशक्कत के बाद इसे पकड़ा। वाल्मीकिनगर रेंजर महेश प्रसाद ने कहा कि इस प्रजाति के सांप बहुत कम मिलते हैं।
बगीचे के समीप बाघ ने जमाया डेरा, घर में दुबके लोग
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के रघिया वन क्षेत्र से सटे घोड़ाघाट गांव में एक बाघ घुस आया। उसने बगीचे के समीप चर रही एक गाय पर हमला बोल उसे मार डाला। इसके बाद ग्रामीणों ने शाेर किया तो वह बगीचे में छिप गया। वह पूरे दिन बगीचे में ही जमा रहा। बाघ के भय से गांव में सन्नाटा पसरा है। सभी लोग अपने घरों में दुबके हैं। सूचना के बाद वन कर्मियों की टीम गांव पहुंच गई है।
बाघ की दहाड़ सुनकर लोग भाग खड़े हुए और घर में छिप गए। कोई पशुपालक या चरवाहा गांव के बगीचे की ओर नहीं जा रहा। ग्रामीण विजेंद्र यादव ने बताया कि गाय गांव के सड़क के पश्चिम स्थित बगीचे में चर रही थी। तभी बाघ ने हमला कर दिया। पशुपालक साधु यादव ने बताया कि बाघ अभी बगीचे के आसपास ही छिपा है। इस बाबत रघिया रेंजर रहीमुद्दीन अहमद ने बताया कि वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। वहां पगमार्क मिला है। ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है ।